पानीपत में ध्वज फहराएंगे सीएम मनोहर लाल, भाकियू नहीं करेगी विरोध

भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि पानीपत में भारतीय किसान यूनियन गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का विरोध नहीं करेगी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 09:17 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 09:17 AM (IST)
पानीपत में ध्वज फहराएंगे सीएम मनोहर लाल, भाकियू नहीं करेगी विरोध
पानीपत में ध्वज फहराएंगे सीएम मनोहर लाल, भाकियू नहीं करेगी विरोध

जागरण संवाददाता, पानीपत : भारतीय किसान यूनियन गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का विरोध नहीं करेगी। यह आह्वान भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी कार्यक्रमों में किसी तरह का व्यावधान न डालने की अपील की।

पानीपत में मुख्यमंत्री मनोहरलाल ध्वजारोहण करेंगे। मान गुट की अलग भारतीय किसान यूनियन है। रतन मान ने कहा कि यह दिवस असंख्य कुर्बानियां देने के बाद हमें प्राप्त हुआ है। ये कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। ऐसे में नाराजगी जाहिर करना या देश की शान में आयोजित समारोह में व्यावधान डालना उचित नहीं है। यह सभी के लिए गर्व का दिन है, इसलिए किसान इस दिवस को गौरवशाली तरीके से मनाएं। मान ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों को लेकर किसान आंदोलन बदस्तूर जारी रहेगा और जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती, तब तक किसान आंदोलन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश की गरिमा किसान के लिए सर्वोपरि है। इसलिए पर्व का विरोध नहीं करेंगे। उन्होंने संयुक्त किसान मोर्चा के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि जो किसान दिल्ली किसान ट्रैक्टर परेड में नहीं जा सकते तो वे राज्य स्तर, जिला स्तर व ब्लॉक स्तर पर किसान ट्रैक्टर परेड निकाल सकते हैं। भाकियू के जिला प्रधान कुलदीप बलाना ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड में पानीपत जिले से भी दो हजार के करीब किसान भाग लेंगे। सैकड़ों महिलाएं भी भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली परेड के लिए किसानों का जाना शुरू हो गया है।

लगातार जा रहे हैं ट्रैक्टर

26 जनवरी को दिल्ली में किसान ट्रैक्टर परेड को लेकर ट्रैक्टर पर किसानों का जाना जारी है। पंजाब से रोजाना 600 से ज्यादा ट्रैक्टर पानीपत टोल से होकर दिल्ली की तरफ कूच कर रहे हैं। टोल पर ट्रैक्टरों के ठहराव व खाने की व्यवस्था भी संगठनों द्वारा की जा रही हैं। शुक्रवार को भी पंजाब से 10 से ज्यादा ट्रैक्टर एक जोड़कर किसान पानीपत टोल पर पहुंचे। उनमें महिलाएं भी बैठी दिखी। साथ ही पंजाब से सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी से लेकर ओलंपियन खिलाड़ी अजीत सिंह तक पहुंचे। दूसरी ओर सरकार ने किसानों की ट्रैक्टर परेड को लेकर पानीपत सहित सभी जिलों के पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद कर दी है।

chat bot
आपका साथी