भारत बंद के लिए भाकियू की तैयारी, अब दुकानदारों से भी मांगा सहयोग

भारतीय किसान यूनियन ने डोर टू डोर जाकर दुकानदारों से भारत बंद में सहयोग की अपील की है। भारत बंद को सफल बनाने के लिए कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में बाजारों में यूनियन के सदस्‍यों ने दुकानदारों के साथ बैठक की।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 05:59 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 05:59 PM (IST)
भारत बंद के लिए भाकियू की तैयारी, अब दुकानदारों से भी मांगा सहयोग
भारतीय किसान यूनियन की भारत बंद की तैयारी।

शाहाबाद (कुरुक्षेत्र), संवाद सहयोगी। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने शनिवार को शाहाबाद के बाजारों के दुकानदारों ने 27 सितंबर के भारत बंद को सफल बनाने के लिए दुकानें बंद रखने की अपील की। शाहाबाद ब्लाक के कार्यकारी प्रधान जसबीर सिंह मामूमाजरा और प्रदेश प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस ने बताया कि शाहाबाद में अनाज मंडी के आढ़तियों, सब्जी मंडी के आढ़तियों, बाजार एसोसिएशनों के अनेक प्रधानों, रोडवेज कर्मचारियों, बार एसोसिएशन शाहाबाद तथा प्राइवेट स्कूल संचालकों सहित अनेक संगठनों ने बंद को सफल बनाने के लिए अपने व्यवसाय बंद रखने की घोषणा की है।

भारत बंद को पूरी तरह से सफल बनाने के लिए सुखचैन सिंह, बलविंद्र सिंह, पवन बैंस, जसबीर नलवी, हरबंस कलसानी के नेतृत्व में अन्य सदस्यों ने शाहाबाद के मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, अनाज मंडी, देवी मंदिर रोड, रेलवे रोड, कमेटी बाजार, हनुमान मंदिर रोड पर दुकानदारों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि जब तक सरकार संयुक्त किसान मोर्चा की मांगे नहीं मानती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी के नेताओं का विरोध भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि शाहाबाद में पुलिस थाने के सामने ही जीटी रोड पर मोर्चा लगाया जाएगा।

इस्‍माईलाबाद में भी भाकियू ने संभाला मोर्चा

भाकियू नेताओं ने पैदल मार्च दुकानदारों से सहयोग की अपील की। भाकियू नेता सोनू सामरा ने बताया कि भारत बंद में बस, कार, रेल और रेहड़ी सब कुछ बंद रहेगा। किसानों द्वारा यहां बाइपास और बस अड्डे पर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा। इसमें सभी वर्गों का सहयोग लिया जाएगा। सामरा ने बताया कि उस रोज अनाज मंडी में धान की आवक और खरीद भी बंद रहेगी। यही नहीं किसानों को फसल कटाई बंद रखकर धरना स्थलों पर पहुंचने की अपील की गई है। सामरा ने बताया कि लिंक मार्गों पर भी यातायात बंद रखा जाएगा। इसके लिए गांव दर गांव किसानों की टीमें खड़ी की जाएंगी। सेना, बीमार और जरूरतमंद का ख्याल रखा जाएगा। यही नहीं एंबुलेंस और आपातकाल मदद में कोई रूकावट नहीं आएगी। सामरा ने बताया कि आम जन से भी अपील की गई है कि वे बाजार से एक दिन पहले ही आवश्यक खरीददारी कर लें।

chat bot
आपका साथी