भाकियू के प्रदेशाध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा, हरियाणा सीएम पद का दावेदार होने की बात बेबुनियाद

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने सीएम पद के दावेदारी की बात पर बयान दिया। चढ़ूनी ने कहा कि सीएम पद की दावेदार होने की बात बेबुनियाद है। उन्‍होंने कहा 15 अगस्त को निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 11 Aug 2021 04:56 PM (IST) Updated:Wed, 11 Aug 2021 04:56 PM (IST)
भाकियू के प्रदेशाध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा, हरियाणा सीएम पद का दावेदार होने की बात बेबुनियाद
भारतीय किसान यूनियन के नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी।

करनाल, जागरण संवाददाता। संयुक्त किसान मोर्चा से निलंबित व भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी बुधवार को करनाल पहुंचे। उन्होंने डेरा कार सेवा में संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। तय हुआ कि 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

कुरुक्षेत्र के पीपली स्थित किसान क्रांति चौक से कुंडली बार्डर तक मोटरसाइकिल यात्रा निकालने पर सहमति बनी। इसमें जीटी रोड बेल्ट के किसान शामिल होंगे। उन्होंने खुद के पंजाब में मुख्यमंत्री पद के दावेदार होने या राजनीतिक पार्टी बनाने की चर्चा को पूरी तरह बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के सरकारी कार्यक्रमों का विरोध नहीं करने की बात भी कही।

बुधवार को करनाल पहुंचे चढ़ूनी ने डेरा कार सेवा में करनाल सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए किसान नेताओं के साथ लंबी चर्चा की। इस पूरी प्रक्रिया को गोपनीय ढंग से बंद हाल में अंजाम दिया गया। इस बीच मीडियाकर्मियों से चर्चा में उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर पीपली चौक पर झंडा फहराने के साथ ही साइकिल यात्रा आरंभ होगी। गत वर्ष दस सितंबर को इसी चौक से कृषि कानून विरोधी आंदोलन की शुरुआत इसी स्थान से हुई थी। यह भारतीय जनता पार्टी को करारी जवाब देने की रणनीति है।

चढ़ूनी ने कहा कि उन्होंने कभी खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार नहीं बताया और न राजनीतिक पार्टी बनाने की बात कही। ऐसा कोई वीडियो हो तो सामने लाइए। ऐसी तमाम चर्चाएं निराधार हैं। उन्होंने बताया कि कृषि कानून विरोधी आंदोलन को गति देने के लिए बीस अगस्त को आनंदपुर साहिब से भी बड़ा जत्था आ रहा है। बैठक में करनाल से जगदीप औलख, हैपी, सिरसा से सिकंदर रोड़ी, यमुनानगर से संजू कुटियाना, अंबाला से मलकीत सिंह और कैथल से होशियार सिंह गिल सहित अन्य किसान नेता शामिल हुए।

समर्थन के लिए बुलाया था, अब चाहे जो ड्रामा कर लें

करनाल: किसान नेता चढ़ूनी ने बताया कि वह हाल में मिशन पंजाब का समर्थन करने पंजाब गए थे और यही उनका मकसद था। अब दूसरे लोग बाद में जो चाहे, ड्रामा करते रहें, वह इसमें क्या कर सकते हैं ? चढ़ूनी ने फिलहाल अपनी कोई राजनीतिक पार्टी बनाने या चुनाव लड़ने की बात पर कहा कि इस पहलू पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं की गई।

मंच पर है क्या जाने के लिए ?

किसान नेता चढ़ूनी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के मंच पर जाने में वह पहले भी बहुत ज्यादा दिलचस्पी नहीं लेते थे। मंच पर पहले भी मैं रोज नहीं जाता था। वहां पहले से ही गिनती के लोग होते हैं। मंच पर जाने के लिए क्या है ? शुरू से ही मंच पर कम जाता था, अब भी यही सोच है। हालांकि, मुझ पर कोई पाबंदी भी नहीं है। आंदोलन से वह पूरी सक्रियता से जुड़े हैं।

chat bot
आपका साथी