यमुनानगर मेयर पर आरोप लगाना पड़ा महंगा, पूर्व पार्षद की छह वर्ष के लिए पार्टी सदस्यता निलंबित

यमुनानगर के मेयर पर आरोप लगाना पूर्व पार्षद नीरज राणा को महंगा पड़ गया। भाजपा ने उनको छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्य से निलंबित कर दिया है। उन्‍होंने 11 जून को विकास कार्य को लेकर मेयर पर गंभीर आरोप लगाए थे।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 05:11 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 05:11 PM (IST)
यमुनानगर मेयर पर आरोप लगाना पड़ा महंगा, पूर्व पार्षद की छह वर्ष के लिए पार्टी सदस्यता निलंबित
यमुनानगर के मेयर मदन चौहान पर लगाए गए थे आरोप।

यमुनानगर, जेएनएन। मेयर मदन चौहान पर विकास कार्यों में अनियमितता व भ्रष्टाचार के आरोप लगाना पूर्व पार्षद नीरज राणा को महंगा पड़ गया। पार्टी ने उनको छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्य से निलंबित कर दिया है।

भाजपा के जिला महामंत्री व कार्यालय प्रभारी कृष्ण सिंगला की ओर से पूर्व पार्षद को भेजे गए पत्र में कहा गया कि 11 जून को पूर्व पार्षद की ओर से मेयर पर लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन जवाब में व्यक्तिगत रूप से मेयर पर लगाए गए आरोपों का कोई जवाब नहीं दे पाए। न ही तथ्य प्रस्तुत किए हैं। जवाब में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। अनुशासनहीनता, दुष्प्रचार व पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है। इसलिए छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया जाता है। बता दें कि नीरज राणा भाजपा से पार्षद रहे हैं। अब वार्ड नंबर 20 से उनकी पत्नी रेखा राणा पार्षद हैं।

यह है मामला

पूर्व पार्षद नीरज राणा ने सीएम मनोहर लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज, प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ व कमिश्नर धर्मवीर सिंह को शिकायत देकर मेयर पर विकास कार्यों में मनमानी, अपने चहेतों को निगम में नौकरी व अन्य लाभ देने, निगम क्षेत्र में करवाए जाने रहे विकास कार्यों में भ्रष्टाचार सहित अन्य गंभीर लगाए थे। मेयर ने तमाम आरोपों को बेबुनियाद बताया था। इतना ही नहीं निगम के 14 पार्षद भी इस मामले में मेयर के साथ आ गए थे। उसके बाद जिलाध्यक्ष राजेश सपरा की ओर से इन आरोपों से संबंधित सबूत पूर्व पार्षद से मांगे गए थे।

निलंबन के मामले पर पूर्व पार्षद नीरज राणा का कहना है कि मुझे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने व सच बोलने की सजा मिली है। पार्टी का यह निर्णय मुझे स्वीकार है। इससे प्रतीत होता है कि जिले में कुछ लोग ही पार्टी को चला रहे हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा का कहना है कि मेयर पर लगाए गए आरोपों को साबित न किए जाने पर पूर्व पार्षद नीरज राणा की प्राथमिक सदस्यता छह साल के लिए निलंबित कर दी है। जवाब में उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, लेकिन मेयर पर लगाए आरोपों को साबित नहीं कर पाए।

chat bot
आपका साथी