जींद में लूट, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को दिखाई बंदूक, कहा गोली मार देंगे, जेब से निकाल लिए 4500 रुपये

जींद में ट्रैक्टर चालक से लूट हुई। पराली खरीदकर बेचता है। शनिवार रात पराली लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली से करनाल जा रहा था। हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने रुकवा लिया। बंदूक दिखाकर साढ़े चार हजार रुपये लूट लिए।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 11:53 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 11:53 AM (IST)
जींद में लूट, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को दिखाई बंदूक, कहा गोली मार देंगे, जेब से निकाल लिए 4500 रुपये
जींद में जिस किसान से लूट हुई वह फतेहाबाद का रहने वाला है।

जींद, जेएनएन। नरवाना के देवीलाल स्कूल के निकट शनिवार रात को बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर ट्रैक्टर चालक से 4500 रुपये की नकदी लूट ली। बदमाशों ने पहले पिस्तौल दिखाकर ट्रैक्टर को रुकवा लिया और उसके बाद डंडे मारकर जेब से नकदी निकाल ली। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम व लूटपाट का मामला दर्ज किया है। 

फतेहाबाद जिले के गांव बुर्ज निवासी गुरजीत सिंह ने नरवाना शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पराली खरीदकर उसे बेचने का काम करता है। शनिवार रात को वह पराली की गांठ भरकर अपने गांव के सुरजीत को साथ लेकर अपने गांव से करनाल के लिए चले थे। जब देर रात को हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर नरवाना के देवीलाल स्कूल के निकट पहुंचे तो अचानक ही तीन युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए आए। आरोपितों ने आते ही बाइक को उनके ट्रैक्टर के आगे खड़ा कर दिया।

गोली मारने की दी धमकी

जब तक वह कुछ समझ पाते तो एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। उसने तुरंत ही ट्रैक्टर को रोक लिया। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने अपने हाथ में लिए डंडे उसे मारा। जब वे दोनों डर गए तो बदमाश ने ट्रैक्टर पर चढ़कर उसकी जेब से 4500 रुपये की नकदी निकाल ली। इसके बाद आरोपित बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। मामले के जांच अधिकारी एएसआइ बलवान सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी