कुरुक्षेत्र में भाकियू ने फूंका गुरनाम चढ़ूनी का पुतला, तीन दिन में गिरफ्तारी की मांग, लगाया जाम

कुरुक्षेत्र में भाकियू (मान गुट) की पंचायत। चढ़ूनी और टिकैत पर दंगा-फसाद उपद्रव व गृह युद्ध की धमकी देने का आरोप लगाया। कहा देश में आग लगाकर राजनीति करना चाहते हैं। कृषि कानून किसान संगठनों की मांग है। सरकार की प्रशंसा की।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 07:57 PM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 07:57 PM (IST)
कुरुक्षेत्र में भाकियू ने फूंका गुरनाम चढ़ूनी का पुतला, तीन दिन में गिरफ्तारी की मांग, लगाया जाम
कुरुक्षेत्र में पिपली के बीडीपीओ को ज्ञापन देकर चढ़ूनी की गिरफ्तारी की मांग करते भाकियू (मान गुट) के सदस्य।

संवाद सहयोगी, पिपली (कुरुक्षेत्र)। भारतीय किसान यूनियन (मान गुट) ने गांव मथाना में किसान पंचायत कर भाकियू के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी का पुतला फूंका। किसानों ने कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग काे 40 मिनट तक जाम रखा और गुरनाम चढ़ूनी के खिलाफ नारेबाजी की। भाकियू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम बीडीपीओ पिपली साहब सिंह को ज्ञापन सौंपकर भाकियू के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी को गिरफ्तार करने की मांग की है। भाकियू ने प्रदेश सरकार को तीन दिन का समय दिया है। उन्होंने तीन दिन में गुरनाम सिंह चढ़ूनी को गिरफ्तारी न करने पर कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग को पूर्ण रूप से बंद करने की चेतावनी दी है।

भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश ने किसान पंचायत में कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर दंगा फसाद, उपद्रव, गुंडा-गर्दी व गृह युद्ध की धमकी देने वाले गुरनाम चढ़ूनी व राकेश टिकैत को गिरफ्तार किया जाए। यह देश में आग लगाकर राजनीति करना चाहते हैं और विपक्ष व विदेशी फंडिंग से देश का माहौल खराब कर रहे हैं। विशाल जूड जिसने देश की आन-बान-शन के लिए देश विरोधी ताकतों से टक्कर लेकर तिरंगे का मान बढ़ाया, वही आज जेल में बंद है। उसे तुरंत विदेश मंत्रालय से मिलकर रिहा कराया जाए।

कृषि कानून भाकियू की पुरानी मांग

उन्होंने कहा कि कृषि कानून भाकियू की पुरानी मांग है। केंद्र सरकार ने इसे मानते हुए सराहनीय कार्य किया और किसान इन कानूनों का समर्थन करते हैं। किसानों के खाते में फसल की सीधी पेमेंट आने से किसान खुश हैं। परंतु कथित किसान नेता अपनी राजनीति चमकाने के लिए किसानों को बरगला रहे हैं और देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार सतलुज नहर का पानी प्रदेश में किसानों को तुरंत दिलवाए, ताकि प्रदेश का किसान और अधिक खुशहाल हो सके।

ट्यूबवेल कनेक्शन की मांग की

भाकियू के प्रदेश महासचिव प्रवीण मथाना ने प्रदेश सरकार ने मांग की है कि प्रदेश में किसानों के ट्यूबवेल के लंबित बिजली कनेक्शन तुरंत रिलीज किए जाएं, ताकि किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिल सके। किसानों की पुरानी कर्ज माफी की मांग काे मान कर उन्हें कर्ज मुक्त किया जाए। किसानों को उन्नत बीज व टैक्नालोजी उपलब्ध कराई जाए। भारतीय किसान यूनियन इन मांगों को लेकर मथाना में अनिश्चितकालीन धरना देगी। जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी