Alert: बदलता मौसम बिल्ली, डाग के लिए खतरनाक, गुमसुम हैं तो सावधान हो जाएं

बदलते मौसम में पालतू जानवरों की करें विशेष देखभाल। पालतू दोस्तों की बीमारी घर के बच्चों को बताएं। बदलते मौसम में पालतू जानवर बीमार हो रहे हैं। अगर जानवर शांत हैं तो तुरंत उसे पशु चिकित्‍सक के पास ले जाएं।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 10:34 AM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 10:34 AM (IST)
Alert: बदलता मौसम बिल्ली, डाग के लिए खतरनाक, गुमसुम हैं तो सावधान हो जाएं
डाग को टीका लगाते क्लीनिक के वर्कर।

पानीपत, जागरण संवाददाता। मौसम बदल चुका है। न्यूनतम तापमान गिर रहा है। डेंगू-मलेरिया ने आम लोगों को जकड़ लिया है। वैसे, इस मौसम में बीमार तो आपके घरेलू दोस्त यानी, बिल्ली और डाग भी हो रहे होंगे। अगर पालतू दोस्त गुमसुम हो जाएं। खाना छोड़ दें तो समझ जाएं कि या पेट में कीड़े हो गए हैं या फिर बुखार हो गया है। सर्दी भी लग सकती है। कई कारण हो सकते हैं। इन मासूमों के बीमार होने से इनके साथ खेलने वाले घर के बच्चे भी गुमसुम हो जाते हैं। इनकी चिंता में मां-पिता को तुरंत इन्हें अस्पताल ले जाने की बात करते है। पानीपत के पैट क्लीनिक में इन दिनों केस बढ़ रहे हैं।

पैट क्लीनिक एंड सर्जरी सेंटर की संचालिका डा. सुरभि ने दैनिक जागरण को बताया कि अधिकांश परिवार कुत्ता पालना पसंद करते हैं। बदलते हुए मौसम के कारण खांसी, जुकाम, शरीर का तापमान कम होना और दस्त जैसे रोग सताते हैं। इनका कारण ठंड लगना या खराब खानपान है। यूं कहें कि सर्दी में जो रोग मनुष्य को सताते हैं, वे पालतू जानवरों को भी परेशान करते हैं। उसी तरह जानवरों की देखभाल और इलाज कराना पड़ता है। मौजूदा समय में पालतू जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाएं। रात्रि पहर में उन्हें रजाई में सुलाएं। गरम-ताजा भोजन खाने को दें। गुनगुना-स्वच्छ पानी पिलाएं,ऐसे ही पानी में शैंपू से स्नान कराएं। स्नान के समय रूई कानों में डाल दें ताकि पानी अंदर न जाए। नहलाने के बाद रूई को निकालना बिल्कुल न भूलें।

सर्दी से बचाव के उपाय

कुत्ता-बिल्ली को ठंड से बचाने के लिए पैट केयर सेंटरों पर जैकेट, कोट, टी-शर्ट, टाई, गद्दा और कंबल आसानी से मिल जाते हैं। हैवी प्रोटीन डाइट अपने पालतू जानवरों को खिलाएं। प्रोटीन हाट डाग व कैंडी की डिमांड बढ़ जाती है।

ब्रोंकाइटिस टीका लगवाएं

कुत्तों में इम्युनिटी बूस्ट करने के लिए ब्रोंकाइटिस का टीका जरूर लगवाएं। यह टीका संक्रमण से बचाव करते हुए रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करता है।

अधिक पानी पिलाएं

इस मौसम में जानवरों को हाइड्रेटेड रखने की जरूरत है। इसलिए गुनगुना पानी अधिक बार पिलाएं।

व्यायाम बहुत जरूरी

ठंड के मौसम में पालतू जानवरों को एक्सरसाइज करवाएं। सुबह-शाम स्वच्छ वातावरण में टहलाएं। इससे जानवर उर्जावान और स्वस्थ रहते हैं।

बच्चों को जरूर अवगत कराएं

डाक्टरों का कहना है कि पालतू जानवरों की बीमारियों के संबंध में बच्चों को जानकारी अवश्य देनी चाहिए। जानवर के बीमार होने या मृत्यु पर बच्चे न तो उदास होंगे और न सदमा की स्थिति में रहेंगे।

chat bot
आपका साथी