यमुनानगर में दहेज के लिए पति बना वहशी, गर्भ में पल रहे बच्चे की ले ली जान

यमुनानगर में दहेज के लालच ने व्यक्ति को वहशी बना दिया। पति समेत ससुराल वाले महिला से मारपीट करने लगे। महिला ने अपने पिता को बुलाया। पति ने उनके सामने पत्नी की पिटाई की। उसके पेट में लात मार दी। उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 04:46 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 04:46 PM (IST)
यमुनानगर में दहेज के लिए पति बना वहशी, गर्भ में पल रहे बच्चे की ले ली जान
बच्चे की मौत के बाद भी मन नहीं भरा। आरोपित महिला को पीटते रहे। उसे घर से निकाल दिया।

यमुनानगर, जेएनएन। शादी के बाद दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता से मारपीट की। पति द्वारा पेट में मारी गई लात से महिला के गर्भ में पल रहा बच्चा भी मर गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया।

थाना बूड़िया के गांव दयालगढ़ निवासी माया देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी अक्टूबर 2019 को नया गांव निवासी संजीव कुमार से हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने हर प्रकार का जरूरी सामान दिया था। परंतु ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। कुछ दिन बाद ही उससे ओर दहेज लाने की मांग करने लगे। पति संजीव उसक मायके वालों से कार की मांग करने लगा। कार नहीं देने पर वह पांच लाख रुपये मांगने लगा। आरोप है कि मांगे पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। यह बात उसने मोबाइल पर अपने पिता को को बताई।

ससुर के सामने भी पत्नी को पीटा

जब वह इस बारे में बात करने के लिए उसकी ससुराल में आए तो ससुराल वालों ने उनके सामने भी उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान संजीव ने उसके पेट में लात मार दी। गर्भवती होने के कारण उसकी तबीयत खराब हो गई। इस पर उसे सिविल अस्पताल जगाधरी में भर्ती कराया गया। पेट में लात लगने के कारण डॉक्टर ने उसके बच्चे को मृत घोषित कर दिया। 

महिला को घर से निकाला

इसके बावजूद उनकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं हुआ और उसके साथ संजीव, सास बाला देवी, ससुर कंवरपाल व देवर दलीप मारपीट करते रहे। कुछ दिन पहले मारपीट कर उन्होंने उसे घर से बाहर निकाल दिया। वह मायके पहुंची और थाने में शिकायत दी।

क्या कहती है पुलिस

मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर चरणजीत ने बताया कि माया देवी की शिकायत पर संजीव कुमार, बाला देवी, दलीप कुमार व कंवरपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी