धान की खरीद न होने से गुस्साए किसान, सांसद व पूर्व मंत्री को दिखाए काले झंडे

हरियाणा में धान की खरीद न होने से रादौर के किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों ने रादौर में सांसद नायब सिंह सैनी और पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज को काले झंडे दिखाकर विरोध जताया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Thu, 01 Oct 2020 05:37 PM (IST) Updated:Thu, 01 Oct 2020 05:37 PM (IST)
धान की खरीद न होने से गुस्साए किसान, सांसद व पूर्व मंत्री को दिखाए काले झंडे
रादौर में सांसद नायब सिंह सैनी और पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज को काले झंडे दिखाकर किसानों ने विरोध जताया।

पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में रादौर कस्‍बे के बकाना व ऊंचा चांदना गांव में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे सांसद नायब सिंह सैनी व पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज को धान की खरीद न होने व कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने काले झंडे दिखाए। उनको सड़क पर करीब आधा घंटा रोककर खरी खोटी सुनाई। इस दौरान किसानों व दोनों नेताओं के बीच नोकझोक भी हुई। उन्होंने किसानों को कृषि कानूनों के फायदे गिनाए, लेकिन किसान संतुष्ट नहीं हुए। बाद में डीएसपी रादौर रणधीर ङ्क्षसह के कहने पर किसानों ने बकाना गांव में सड़क पर लगाए जाम को खोला।

 भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप नगला, जिला प्रधान सुभाष गुर्जर व जयपाल चमरोडी ने कहा कि भाजपा सरकार में धान की सरकारी खरीद नहीं हो पा रहीं है। किसान कई कई दिनों से मंडियों में अपनी धान की फसल को बेचने के लिए भूखे प्यासे बैठे हुए हैं। उनकी फसल को खरीदा नहीं जा रहा है। किसानों की फसल मंडियों में औने पौने दाम पर बिक रहीं है। काले कानून बनाकर किसानों को बर्बाद किया जा रहा है। पहले किसानों की मक्के की फसल औने-पौने दाम पर बिकी और अब धान की फसल का भी यही हाल है। किसान सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। किसान विरोधी फैसले लेने पर अब किसान यूनियन सरकार के मंत्रियों, विधायकों व सांसदों को इसी प्रकार क्षेत्र के गांव व शहरों में आने पर उनका काले झंडों से स्वागत करेगी। 

सुरक्षा एजेंसियों को भनक तक नहीं लगी

भाजपा नेताओं को काले झंडे दिखाए जाने की सुरक्षा एजेंसियों भनक तक नहीं लगी। दोपहर बाद करीब  ढाई बजे सांसद नायब सिंह सैनी व पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज अपने काफिले के साथ गांव खजूरी से बकाना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बकाना गांव के पास चौराहे पर भारतीय किसान यूनियन से जुडे किसानों ने अचानक उनके रास्ते में जाम लगा दिया और उनके मौके पर पहुंचते ही उन्हें काले झंडे दिखाकर उनका विरोध किया। किसानों के अचानक विरोध करने को लेकर प्रशासन की ओर से मौके पर गिने चुने पुलिस कर्मचारी मौजूद थे।

किसानों की हित में कृषि कानून, बढ़ेगी आमदनी : नायब सैनी

सांसद नायब सैनी ने  मिनी पैलेस ऊंचा चांदना में किसानों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कृषि कानून पूर्णतया किसानों के हित में हैं।  इन नए कृषि कानूनों से कृषि क्षेत्र मजबूत होगा। न केवल भारत की खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी बल्कि किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में भी यह एक बड़ा प्रभावी कदम सिद्ध होगा। इन कानूनों में कृषि क्षेत्र के लिए नए बाजार विस्तारित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। कृषि से संबंधित नए उद्योग विकसित होने की संभावनाएं लगातार विस्तृत होती रहेंगी। विपक्षी दल अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए किसानों को गुमराह कर रहे हैं, वे नहीं चाहते किसान आर्थिक रूप से मजबूत हो सके। सांसद ने कहा कि अगले वर्ष 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू कर दी जाएगी क्योंकि अब साठी जीरी जल्दी आ जाती है । पूर्व राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि कांग्रेस भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है जबकि एमएसपी व मंडियों का कार्य यूं ही चलता रहेगा।  तीनों कानून किसानों के हक में हैं।  विपक्ष भड़काने का कार्य कर रहा है। मौके पर भाजपा नेता राजकुमार बूबका, पूर्व सरपंच कृष्ण सैनी, विद्या रतन सैनी, सुरेश सैनी व अन्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी