दीवाली पर्व पर मिलावट खोर सक्रिय, यमुनानगर में सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग सुस्‍त

दीवाली पर्व की तैयारियों को लेकर मिलावट खोर सक्रिय हो चुके हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दो दिन अभियान चलाया गया। अब वो भी ठप है। इसकी रिपोर्ट भी अब एक महीने बाद आएगी। जबकि खाद पदार्थों में मिलावट के लगातार मामले आ रहे हैं।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 08:35 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 08:35 AM (IST)
दीवाली पर्व पर मिलावट खोर सक्रिय, यमुनानगर में सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग सुस्‍त
दीवाली पर्व पर खाद्य पदार्थों में मिलावट तेज।

यमुनानगर, जागरण संवाददाता। त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग का छापेमारी अभियान दो दिन में ही दम तोड़ दिया। दो दिन में विभाग की टीम ने 16 सैंपल लिए। अब आगे कोई छापेमारी नहीं की जा रही है। जिससे मिलावटखोर फिर से सक्रिय हो सकते हैं। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। टीम ने दो दिन में जो सैंपल लिए हैं। उनकी भी रिपोर्ट करीब एक माह बाद आएगी। जब तक रिपोर्ट आएगी, तब तक सभी मिठाईयां बिक चुकी होगी।

त्योहारों के सीजन में सबसे अधिक व्यस्त मिठाई तैयार करने वाले हैं, क्योंकि त्योहारों में मिठाईयों की बड़े स्तर पर बिक्री होती है। ऐसे में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। गुलाब जामुन, बर्फी, मावा समेत अन्य खाद्य पदार्थाें में मिलावट होने की आशंका रहती है। पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं। जहां पर गंदगी में मिठाईयां तैयार की जाती रही है। इसलिए हर वर्ष खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अभियान चलाया जाता है। जिसमें मिठाईयों की दुकानों से सैंपल लिए जाते हैं। इस बार भी यह अभियान चला, लेकिन महज दो दिन ही छापेमारी हो सकी।

शटर बंद कर भाग निकलते हैं दुकानदार

दो दिन तक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया। जगाधरी, यमुनानगर, बिलासपुर व छछरौली में दो-दो दुकानों से सैंपल लिए। 16 सैंपल मिठाईयों के लिए गए। जिस समय टीम किसी दुकान पर छापेमारी करती है, तो अन्य दुकानदारों को सूचना मिल जाती है। वह शटर बंद कर भाग निकलते हैं। अधिकतर वही दुकानें बंद कर भागते हैं। जो अपने यहां खाद्य पदार्थाें में मिलावट करते हैं। दुकान बंद होने पर विभाग भी ऐसे दुकानदारों का कुछ नहीं कर पाता।

गत वर्ष छह सैंपल हुए थे फेल

गत वर्ष खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई दुकानों से मिठाईयों के सैंपल लिए थे। इसमें जगाधरी की एक दुकान से लिया खोया का सैंपल फेल आया था। इसके अलावा बर्फी के तीन, पेठा, मिल्क केस के एक-एक सैंपल मानकों के अनुरूप नहीं थे। जिस पर विभाग इन दुकानदारों पर जुर्माना लगाएगा।

सीएम फ्लाइंग सक्रिय

त्योहारी सीजन में सीएम फ्लाइंग की टीम भी सक्रिय हो जाती है। कई बार सीएम फ्लाइंग ने ऐसी जगहों पर रेड की। जहां पर बदहाल सफाई व्यवस्था के बीच मिठाईयां तैयार की जा रही थी। जबकि नियमों के हिसाब से जहां पर मिठाई तैयार की जाती है। वहां पर पूरी तरह से साफ सफाई होनी चाहिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. प्रेम कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से समय-समय पर छापेमारी की जाती है। एक जगह पर छापेमारी में काफी समय लग जाता है। इसलिए जब तक दूसरी जगह पहुंचते हैं, तो दुकानदार शटर बंद कर भाग जाते हैं। दो दिन तक अभियान चलाया गया। यह समस्या सामने आई थी। इसमें भी 16 सैंपल लिए गए हैं। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी