Accident: करनाल में सड़क किनारे बैठ खाना खा रही तीन महिलाओं को कार ने रौंदा, एक की मौत

करनाल में दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। तीन महिलाएं सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही थी। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद लिया जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गई।

By Rajesh KumarEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 08:27 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 08:27 PM (IST)
Accident: करनाल में सड़क किनारे बैठ खाना खा रही तीन महिलाओं को कार ने रौंदा, एक की मौत
करनाल में हादसे की सूचना मिलने पर मौके का मुआयना करने पहुंची पुलिस।

असंध(करनाल), संवाद सहयोगी। सड़क किनारे बैठकर खाना खा रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गई। मृतक महिला पूर्व नगर पालिका चेयरमैन की पत्नी है तो वहीं घायलों में सास-बहू शामिल है।

जानकारी के मुताबिक असंध के वार्ड नंबर छह वासी नगर पालिका के पूर्व चेयरनैन हरबीर सिंह की पत्नी करीब 42 वर्षीय कुसुम, पड़ौस की ही रहने वाली करीब 25 वर्षीय अंजू, उसकी सास 60 वर्षीय रामदासी धान की बालियां चुगने के लिए गांव खिजराबाद के समीप खेताें में गई हुई थी। जहां वे काम करने के बाद असंध- राहड़ा सड़क किनारे बैठकर खाना खाने लगी। इसी दौरान गांव राहड़ा की ओर से एक तेज रफ्तार कार आई और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें सभी घायल हो गई।

आरोपित कार चालक फरार

आरोपित कार चालक मौके से फरार हो गया जबकि हादसा देख राहगीर व आसपास खेतों में काम कर रहे लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। उनकी मदद से सभी घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुसुम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल अंजू व उसकी सास रामदासी को कल्पना चावला राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक महिला का शव मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है।

सूचना मिलते ही मृतक व घायलों के परिवार में मचा हाहाकार

हादसे की सूचना जैसे ही स्वजनों तक पहुंची तो हाहाकार मच गया। आनन-फानन में वे हादसा स्थल व सिविल अस्पताल पहुंचे। मृतक महिला कुसुम के घर मातम पसर गया। उनके पति हरबीर ने बताया कि धान के सीजन के चलते उसकी पत्नी व अन्य महिलाएं बालियां चुगने के लिए खेतों में गई थी, ताकि परिवार के लिए कुछ अनाज इक्कठा किया जा सके, लेकिन क्या पता था कि अचानक ऐसा हादसा हो जाएगा। उधर पीडित स्वजन थाना में पहुंच गए और आरोपित कार चालक की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह हादसा जानबूझकर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने के चलते हुआ है। उन्होंने कहा कि वे आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही मृतक का शव लेंगे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस उन्हें समझाती रही।

जल्द कर लिया जाएगा आरोपित चालक काबू : बलजीत

एसएचओ बलजीत सिंह का कहना है कि आरोपित कार चालक को जल्द काबू कर लिया जाएगा। पुलिस टीम इसके लिए प्रयास कर रही है। मृतक महिला का शव मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है।

chat bot
आपका साथी