अभय सिंह चौटाला ने कहा, चुनाव हो सकते हैं तो परीक्षाएं क्यों नहीं, बच्चों का भविष्य खराब कर दिया

इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला यमुनानगर पहुंचे। उन्‍होंने पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए भाजपा सरकार पर आरोप लगाया। कहा कि जब चुनाव हो सकते हैं परीक्षाएं क्यों नहीं बच्चों का भविष्य खराब कर दिया।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 02:24 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 02:24 PM (IST)
अभय सिंह चौटाला ने कहा, चुनाव हो सकते हैं तो परीक्षाएं क्यों नहीं, बच्चों का भविष्य खराब कर दिया
पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता करते अभय सिंह चौटाला।

यमुनानगर, जेएनएन। भाजपा सरकार को छह सौ दिन हो गए हैं। एक तिहाई से अधिक समय बीत गया है। इस कार्यकाल में भाजपा ने भ्रष्टाचार व बेरोजगारी को बढ़ाया है। सरकार यह नहीं चाहती कि गरीब का बच्चा भी शिक्षा हासिल करे। इसीलिए प्रदेश में 1500 से अधिक स्कूल बंद करा दिए गए। अब गरीब का बच्चा कहां पढ़ेगा। इस बारे में सरकार ने नहीं सोचा। ये बातें इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहे। पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। प्रदेश के युवा पड़ोसी राज्यों से जेबीटी की डिग्री लेकर आए। रोजगार देने की बजाय सरकार ने भर्ती पर ही रोक लगा दी। यह सरकार किसी की हितैषी नहीं है।

चौटाला ने कहा कि प्रदेश में 10वीं कक्षा का रिजल्ट 48 फीसद से अधिक नहीं गया। बिना परीक्षाओं के ही बच्चों को पास कर दिया गया है। यह बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है। जो बच्चे मैरिट में आने थे, वह वंचित रह गए। जब यह सरकार चुनाव करवा सकती है तो परीक्षाओं से पीछे क्यों हटी। इस तरह की तैयारी करते कि परीक्षाएं जरूर हों। बेशक आनलाइन करवानी हो। बड़े ही अफसोस की बात है कि 400 सब इंस्पेक्टरों की भर्ती रद कर दी। इन आवेदकों ने फीस जमा कर आवेदन किया। कोचिंग में खर्च हुआ। अब यह ओवर एज हो गए हैं। दोबारा आवेदन भी नहीं कर सकते। ये लोग रोजगार देने का नहीं बल्कि रोजगार छीनने का काम कर रहे हैं।

भष्ट्राचार को बढ़ावा दे रहे हैं सीएम 

चौटाला ने कहा कि सीएम मनोहर लाल बेशक ईमानदार का चोला पहने हुए हों, लेकिन ऐसा नहीं है। जितने भी घोटाले हो रहे हैं या हो चुके, उनके लिए सीएम जिम्मेदार हैं। कोरोना की दूसरी लहर में सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। लोगों को बेड, दवाइयां व आक्सीजन नहीं मिल पाई। पानीपत में अस्पताल पर 28 करोड़ रुपये खर्च करने का दावा किया है। आरोप है कि इसमें भ्रष्टाचार हुआ है। बारिश में यहां पानी भर गया था। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन का वह समर्थन करते हैं। जब तक केंद्र सरकार कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अंग्रेजों के शासनकाल में भी शहीद भगत सिंह के चाचा अजीत सिंह ने किसानों के पक्ष में आंदोलन चलाया था। अंग्रेजों झुके थे। यदि सरकार नहीं सुनेगी तो बंगाल की तरह उप्र में भी यहीं हाल होगा। उन्होंने कहा कि मेयर के खिलाफ पूर्व पार्षद नीरज राणा ने आवाज उठाई थी। उसको पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। निगम में हुए घोटालों के खिलाफ उनके पास सबूत हैं। जल्दी ही उनको सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यमुनानगर के एक सत्ता पक्ष के नेता कृषि खाद का अवैध काम कराता है। खाद को फैक्ट्रियों में बिकवाया जा रहा है।

सैलजा, हुड्डा व सुरजेवाला में है प्रतियोगिता

चौटाला ने कहा कि विपक्ष भी सरकार के मिलकर काम कर रहा है। सरकार विरोधी नीतियों के खिलाफ चुप्पी साधे हुए है। इसलिए जनता परेशान हैं। सैलजा, हुड्डा व सुरेजवाला में तो आपस में ही कंपीटिशन रहता है। अब इनेलो हर गांव, वार्ड में जाकर सरकार विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन चलाएगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा दी गई है।

chat bot
आपका साथी