हरियाणा शराब ठेकों की नई पालिसी लागू करने से पहले कवायद, 48 करोड़ की होगी रिकवरी

19 मई से पहले सरकार शराब के ठेकों की नई पालिसी करने जा रही है लागू। पुराने ठेकेदारों को ही नीलामी दर बढ़ाकर देने पर विचार। प्रदेश में सबसे अधिक ठेके फरीदाबाद में जबकि मेवात में सबसे कम हुए थे अलाट।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 05:15 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 05:15 PM (IST)
हरियाणा शराब ठेकों की नई पालिसी लागू करने से पहले कवायद, 48 करोड़ की होगी रिकवरी
हरियाणा में शराब ठेकों की नई पॉलिसी को लेकर कवायद।

अंबाला, [दीपक बहल]। प्रदेश में शराब के ठेकों की नई पालिसी को लेकर जहां विचार-विमर्श किया जा रहा है वहीं बकाया 48 करोड़ रुपये की रिकवरी के लिए भी माथापच्ची शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने 19 मई से पहले सारी रिकवरी करने के लिए प्रदेश के सभी जिला आबकारी एवं कराधान विभाग (डीईटीसी) को निर्देश जारी किए हैं। अब अधिकारी ठेकों को सील करने की कार्रवाई कर रहे हैं। अंबाला में रिकवरी का आंकड़ा 4 करोड़ 72 लाख के करीब है। हालांकि मार्च के बाद 18 फीसद की दर से रिकवरी पर ब्याज भी बकायेदारों को देना होगा।

वीरवार को प्रदेश के सभी डीईटीसी से आबकारी एवं कराधान विभाग के प्रधान सचिव अनुराग रस्तोगी ने रिकवरी को लेकर वीडियो कान्फ्रेंस (वीसी) रखी थी, लेकिन किसी कारण उसे स्थगित कर दिया गया। अब यह वीसी 16 अप्रैल को होगी। दूसरी ओर डीईटीसी ठेकेदारों का रुख जान रहे हैं कि बिना नीलामी के यदि इनके ठेकों की अवधि बढ़ा दी जाए तो वे कितने फीसद बढ़ाकर ठेका लेने के लिए तैयार हैं। इस तरह की चर्चाएं चल रही हैं कि सरकार इन्हीं को ही शर्तों के साथ ठेका कुछ फीसद बढ़कर दे दे। वर्ष 2019-20 में ठेकों की नीलामी करीब 3712 करोड़ रुपये की थी जो 2020-21 में बढऩे की जगह 3660 करोड़ ही रह गई। इस तरह करीब 52 करोड़ रुपये का राजस्व घट गया था। इसलिए सरकार हर पहलू पर विचार कर नई पॉलिसी को लागू करने की तैयारी में है।

प्रदेश में मौजूदा समय सबसे अधिक ठेके फरीदाबाद में हैं, जबकि मेवात में यह आंकड़ा महज 13 है। आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में सबसे अधिक रिकवरी सोनीपत पर बकाया है। हालांकि दूसरे जिलों की तुलना में यहां पर ठेके भी कम हैं, लेकिन रिकवरी का आंकड़ा अधिक है।

किस जिले से कितने की होनी है रिकवरी

जिला             जोन        रिकवरी राशि

अंबाला             58        4.72 करोड़

भिवानी             65        2.43 लाख

फरीदाबाद        106        2.53 करोड़

फतेहाबाद         49        1.20 करोड़

गुरुग्राम ईस्ट        69        2.88 करोड़

गुरुग्राम वेस्ट         73        4.39 करोड़

हिसार             74        3.60 लाख

जगाधरी         53        7.75 करोड़

झज्जर            32        52.94 लाख

जींद            52        1.56 करोड़

कैथल             32        1.96 करोड़

करनाल              57        3.32 करोड़

कुरुक्षेत्र              27        26.74 लाख

मेवात             13        27 हजार

नारनौल             29        16.49 लाख

पलवल            47        8.97 लाख

पंचकूला            34        1.04 करोड़

पानीपत            46        1.74 करोड़

रेवाड़ी              44        11.57 लाख

रोहतक            58        70.57 लाख

सिरसा            73        92 हजार

सोनीपत              71        13.86 करोड़

नोट : एक जोन में शराब के दो ठेके होते हैं।

ठेकों की रिकवरी के लिए बैठक की जानी थी, लेकिन वह नहीं हो सकी। नई पॉलिसी जब तक लागू नहीं हो जाती तब तक बताया नहीं जा सकता कि किन-किन बिंदुओं पर विचार किया जा रहा है।

- अनुराग रस्तोगी, प्रधान सचिव, आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा

chat bot
आपका साथी