हरियाणा भाजपा की नई टीम में दिखेगा युवा जोश और अनुभव का संगम, अनुभवी नेताओं को भी मिलेगी जगह

हरियाणा में छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर भाजपा की प्रदेश कमेटी की घोषणा संभव है। पार्टी में कालका व ऐलनाबाद उपचुनाव के लिए सीटों पर मंथन शुरू हो गया है। भाजपा व जजपा ने इसकी अंदरूनी तैयारी कर ली है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 29 Mar 2021 07:33 AM (IST) Updated:Mon, 29 Mar 2021 07:33 AM (IST)
हरियाणा भाजपा की नई टीम में दिखेगा युवा जोश और अनुभव का संगम, अनुभवी नेताओं को भी मिलेगी जगह
हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओपी धनखड़ की फाइल फोटो।

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में नई नियुक्तियां पार्टी के स्थापना के दिन छह अप्रैल को संभव है। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश की नई टीम तैयार कर मंजूरी के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व को भेज दी है। भाजपा नेतृत्व के बंगाल और असम चुनाव से निपटने ही धनखड़ की नई टीम के नामों पर मंजूरी की मुहर लग सकती है।

संगठन में नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को महत्व देते हुए अनुभवी नेताओं को भी जगह दी गई है। प्रदेश में 2019 के विधानसभा चुनाव में कई बड़े नेता पराजित हो गए थे, जिन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने के आसार हैं। इन नेताओं में शामिल पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, विपुल गोयल, कर्ण देव कांबोज, मनीष ग्रोवर और राजीव जैन की बंगाल व असम के विधानसभा चुनाव में सेवाएं ली जा रही हैं।

इन दोनों राज्यों में हरियाणा के 33 नेताओं की ड्यूटी लगी हुई है। उनके वापस लौटने का इंतजार है। प्रदेश संगठन में इनमें से कई नेताओं को समायोजित किया जा सकता है। ओमप्रकाश धनखड़ ने मीडिया कर्मियों से औपचारिक बातचीत में कहा कि छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस है। उस दिन प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों की सूची जारी होने की उम्मीद की जा सकती है।

कालका व ऐलनाबाद उपचुनाव की तैयारी से जुड़े सवाल पर धनखड़ ने कहा कि भाजपा व जजपा मिलकर यह चुनाव लड़ेंगे और दोनों पार्टियां तैयार हैं। प्राथमिक तौर पर ऐलनाबाद सीट पर जजपा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। कालका में पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। लतिका शर्मा भी चुनाव लड़ना चाहती हैं। किसी की इच्छा को दबाया नहीं जा सकता। अंतिम फैसला आपसी सहमति से और पार्टी हाईकमान करेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की भाजपा में एंट्री नहीं

पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को धनखड़ ने होली पर मजाकिया खबर करार दिया। इस पर धनखड़ की मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी बात हुई है। कालका से चुनाव लड़ने के इच्छुक रामबिलास शर्मा ने धनखड़ से फोन पर बात कर अपनी आशंका का समाधान किया। यदि विनोद शर्मा भाजपा में शामिल होते तो उनका नाम कालका के लिए चल सकता था। धनखड़ और सीएम की बातचीत होने के थोड़ी देर बाद विनोद शर्मा की ओर से इस अफवाह को खारिज कर दिया गया कि वे भाजपा में शामिल होने वाले हैं। 

chat bot
आपका साथी