विनोद तावड़े ने तैयार की हरियाणा मंत्रिमंडल में बदलाव की पटकथा, विधायकों व जिलाध्यक्षों को टटोला

हरियाणा भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने विधायकों और पार्टी के जिला प्रधानों के साथ बैठक कर राज्‍य कैबिनेट में बदलाव की पटकथा तैयार कर ली है। ऐेसे मेंं कयास लगाए जा रहे हैं कि राज्‍य कैबिनेट में जछ ही बदलाव होंगे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 09:50 AM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 09:50 AM (IST)
विनोद तावड़े ने तैयार की हरियाणा मंत्रिमंडल में बदलाव की पटकथा, विधायकों व जिलाध्यक्षों को टटोला
हरियाणा मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल और हरियाणा भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े की फाइल फाेटो।

चंडीगढ, जेएनएन। हरियाणा और दिल्ली की सीमा पर चल रहे किसान आंदोलन के बीच भाजपा प्रभारी विनोद श्रीधर तावड़े ने राज्‍य मंत्रिमंडल में बदलाव की पटकथा तैयार कर ली है। उन्‍होंने इसकी रूपरेखा पार्टी के विधायकों और जिला अध्‍यक्षों के साथ बैठक में तैयार की। उनका तीसरा दिन पार्टी जिलाध्यक्षों के नाम रहा। लगातार दो दिन तक विधायकों के साथ संवाद कर चुके तावड़े ने आखिरी दिन भाजपा जिलाध्यक्षों को संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाया।

भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने दिया मंत्र, संगठन मजबूत होगा तो सरकार को मिलेगी ताकत

तावड़े ने विधायकों को जहां संगठन के साथ तालमेल बनाकर चलने की सलाह दी, वहीं जिलाध्यक्षों को विधायकों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रेरित किया। तावड़े का मूल मंत्र रहा कि संगठन मजबूत होगा तो सरकार को भी मजबूती मिलेगी और सरकार मजबूत हुई तो जनहितैषी कार्यों में तेजी आएगी। कुछ विधायकों व जिलाध्यक्षों ने तावड़े के समक्ष मंत्रिमंडल में बदलाव की पटकथा तैयार करने में भी सहयोग दिया है।

हरियाणा भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े दूसरी बार प्रदेश के दौरे पर आए थे। पिछले माह पांच दिन तक सांसदों व पार्टी प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की तो इस बार तीन दिन के प्रवास के दौरान विधायकों से व्यक्तिगत संवाद कायम करते हुए उनके साथ आत्मीय संबंध बनाए। पिछले भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन का हर जिलाध्यक्ष, विधायक, मंत्री और आम कार्यकर्ता से सीधा परिचय था। विनोद तावड़े महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और मुंबई की राजनीति करते हैं। इसलिए उनके लिए विधायकों, सांसदों और जिलाध्यक्षों के साथ व्यक्तिगत संवाद जरूरी था।

यह भी पढ़ें: यह कैसा शांति मार्च: पंजाब में बड़े पैमाने पर ट्रैक्टरों में लगवाए जा रहे हैं लोहे के राॅड

पहले दो दिन तावड़े ने चार से पांच के ग्रुप में विधायकों के साथ चर्चा की। विधायकों ने संगठन और सरकार के कामकाज में सुधार के कई अहम सुझाव दिए। बुधवार रात को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ भोजन करने के उपरांत बृहस्पतिवार को तावड़े हरियाणा निवास में पार्टी जिलाध्यक्षों से मिले। यहां भी एक ग्रुप में चार से पांच जिलों के अध्यक्षों ने अपनी बात रखी। करनाल को जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा और कुरुक्षेत्र के जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने तावड़े की इस मुलाकात को रुटीन की प्रक्रिया बताया, लेकिन पता चला है कि कुछ जिलाध्यक्षों ने सरकार में अहमियत नहीं मिलने की बात नए प्रभारी के सामने रखी।

कुछ जिलाध्यक्षों ने यह भी कहा है कि विधायक न तो पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं और न ही उन्हें सहयोग करते हैं। अधिकारियों के यहां भी ठीक ढंग से सुनवाई नहीं होती। यदि सरकार के स्तर पर जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को यह संदेश जाए कि जिलाध्यक्षों की वाजिब सुनवाई ठीक ढंग से होनी चाहिए तो कार्यकर्ताओं को किसी काम में दिक्कत नहीं आएगी। तावड़े शाम को वापस लौट गए। विधायकों से बातचीत के दौरान न तो मुख्यमंत्री और जिलाध्यक्षों से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ मौजूद नहीं रहे। तावड़े ने जिलाध्यक्षों को ब्लाक व मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए नई कार्यकारिणी के जल्द गठन का सुझाव दिया है।

मंत्रियों के बारे में विधायकों व जिलाध्यक्षों से लिया फीडबैक

भाजपा प्रभारी विनोद श्रीधर तावड़े को विधायकों व जिलाध्यक्षों की ओर से कुछ मंत्रियों के मंत्रालयों तो कुछ मंत्रियों को बदले जाने के सुझाव भी मिले। किसान आंदोलन, विपक्ष के प्रहार और भाजपा की सहयोगी पार्टी जजपा के विधायकों के विरोधी रूख के मद्देनजर तावड़े ने इन सुझावों को कलमबद्ध करते हुए अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंपने का खाका तैयार किया है। बताया जाता है कि बजट सत्र के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल तय है। हालांकि तावड़े की सीधे मंत्रियों से बात नहीं हुई है।

---------

'सरकार और संगठन के कामकाज में तेजी लाने पर हुई चर्चा'

 '' मैं तीन दिन के हरियाणा प्रवास पर रहा हूं। मैंने सभी विधायकों व जिलाध्यक्षों से परिचयात्मक मुलाकात की है। मंत्रियों से अभी बात नहीं हुई। सरकार और संगठन के कामकाज में तेजी लाने पर विचार विमर्श हुआ। विधायकों व जिलाध्यक्षों के सुझाव को नोट किया। इन्हें हम इंपलीमेंट (लागू) भी करेंगे। अगली बार आऊंगा तो मीडिया से सारी बातें साझा करूंगा।

                                                                                        - विनोद तावड़े, प्रभारी, हरियाणा भाजपा।

 यह भी पढ़ें: रेलवे ने त्‍योहारों पर पंजाब व हरियाणा के लिए शुरू की स्‍पेशल ट्रेनें, जानें रूट और टाइम

यह भी पढ़ें: ढाबे पर रोटी मांगी तो पहचान ली आवाज, 19 वर्ष से बिहार से लापता चाचा लुधियाना में इस हाल में मिला

हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी