तावड़े ने हरियाणा कैबिनेट में फेरबदल पर दिए बड़े संकेत, सरकार और भाजपा में हो रही मंत्रियों की समीक्षा

हरियाणा भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने राज्‍य कैबिनेट में फेरबदल पर बड़े संकेत दिए हैं। उन्‍हाेंने कहा कि हरियाणा में सरकार और भाजपा संगठन के स्तर पर मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा हाे रही है। इसके बाद कैबिनेट में फेरबदल पर विचार होगा।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 10:12 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 07:34 AM (IST)
तावड़े ने हरियाणा कैबिनेट में फेरबदल पर दिए बड़े संकेत, सरकार और भाजपा में हो रही मंत्रियों की समीक्षा
हरियाणा भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े और हरियाणा के सीएम मनोहरलाल। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana Cabinet Reshuffle: हरियाणा की मनोहरलाल कैबिनेट में फेरबदल काे लेकर राज्‍य भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने बड़े संकेत दिए हैं। उन्‍होंने राज्‍य कैबिनेट में फिलहाल फेरबदल की संभावना को खारिज किया है, लेकिन साथ ही कहा है कि मंत्रियों के कामकाज पर नजर रखी रही है और उसकी समीक्षा हो रही है।  बता दें कि हरियाणा कैबिनेट के विस्‍तार व फेरबदल की  काफी समय से चर्चा हो रही है। 

भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ले रहे फीडबैक, फिलहाल मंत्रिमंडल बदलाव की संभावना से इन्कार      

दरअसल, 27 अक्टूबर को दो साल पूरे करने जा रही भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा सरकार और भाजपा संगठन दाेनों स्‍तरों पर शुरू कर दी गई है। हालांकि भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने साफ कर दिया है कि हाल-फिलहाल मंत्रिमंडल में बदलाव की कोई संभावना नहीं है। तमाम मंत्रियों को कहा गया है कि प्रदेश को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शुमार करने के लिए काम करें।

तावड़े बोले- गठबंधन सरकार अच्‍छी तरह चल रही है 

हरियाणा भाजपा के कार्यालय में पत्रकारों से रू-ब-रू विनोद तावड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ सभी मंत्रियों के प्रदर्शन की चर्चा हो रही है। सरकार को दो साल पूरे होने जा रहे हैं। इसलिए यह जरूरी भी है। उन्होंने कहा कि प्रभारी के नाते मैं पूरे प्रदेश में प्रवास कर रहा हूं। लगातार लोगों और कार्यकर्ताओं से मिल रहा हूं। फीडबैक के आधार पर कहा जा सकता है कि गठबंधन की सरकार अच्छी चल रही है। कार्यकर्ता पूरी ताकत से पार्टी के लिए काम कर रहा है।

मंत्रियों को हरियाणा को शीर्ष पांच राज्यों में शुमार कराने का लक्ष्य दिया

उन्‍होंने कहा कि सभी मंत्रियों को लक्ष्‍य दिया गया है कि हरियाणा में देश के शीर्ष पांच राज्‍यों में लाएं। तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं का अहम भूमिका रही है। जहां तक नाराजगी का सवाल है, कुछ कार्यकर्ताओं की शिकायतें हो सकती हैं, लेकिन उन्हें दूर किया जाएगा।

ऐलनाबाद उपचुनाव को लेकर तावड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा-जजपा के प्रदेशाध्यक्षों के साथ चर्चा कर रणनीति बनाई गई है। उम्मीद है कि उपचुनाव के परिणाम पक्ष में होंगे। जो लोग कृषि कानूनों में सुधार के खिलाफ धरने-प्रदर्शन कर रहे हैं, वह भी बेनकाब होंगे। यह किसान आंदोलन नहीं, बल्कि किसान संगठनों का आंदोलन है। जब प्रदेश में 11 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल रहा है तो आंदोलन क्याें।

पीएम मोदी द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पीठ थपथपाने पर भाजपा प्रभारी तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री हर चीज को बारीकी से देखते हैं। पीएम की तारीफ से साबित होता है कि मनोहर टीम का काम अच्छा चल रहा है। संगठन और सरकार में एक अलग प्रकार का उत्साह दिख रहा है। कोविड काल में भी भाजपा कार्यकर्ता, मंत्री और विधायक सड़कों पर रहे हैं। इसके अच्छे नतीजे रहे हैं।

chat bot
आपका साथी