Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल हरियाणवी खिलाड़ियों को मिलेंगे 50-50 लाख, सीएम ने की घोषणा

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल हरियाणा की खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये का पुरुस्कार देने की घोषणा की है। टीम में हरियाणा की नौ खिलाड़ी शामिल हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 10:15 AM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 10:25 AM (IST)
Tokyo Olympics: भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल हरियाणवी खिलाड़ियों को मिलेंगे 50-50 लाख, सीएम ने की घोषणा
हरियाणा की महिला हॉकी खिलाड़ियों पर धनवर्षा। सांकेतिक फोटो

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा ले रही भारतीय महिला हॉकी टीम की राज्य की खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये का नकद पुरुस्कार देने की घोषणा की है। टीम में हरियाणा की नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सीएम ने कहा कि हालांकि टीम हार गई, लेकिन खिलाड़ियों ने रानी झांसी की तरह लड़ाई अंत तक लड़ी। बता दें, महिला हॉकी टीम का मुकाबला ग्रेट ब्रिटेन से था। ग्रेट ब्रिटेन ने 4-3 से जीत दर्ज कर टोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की।

बता दें, हरियाणा सरकार ने इससे पहले गत दिवस कैबिनेट बैठक में ओलिंपिक खेलों में 41 साल बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मिले कांस्य पदक का जश्न मनाया। भारतीय हॉकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार और सुमित कुमार रहे। सीएम ने इन दोनों खिलाडिय़ों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया व दोनों को खेल विभाग में सीधे सीनियर कोच की नौकरी देने का भी ऐलान किया। उन्होंने दोनों खिलाडिय़ों को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लाट कंसेशनल रेट (रियायती दरों) पर देने की भी घोषणा की।

पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी ओलिंपिक खेलों में रजत पदक जीतने वाले पहलवान रवि दहिया को बधाई दी है। खुले मैदान में लोगों के साथ दहिया का मुकाबला देखने वाले हुड्डा ने कुश्ती में और पदक आने की भी उम्मीद जताते हुए कहा कि रवि का प्रदर्शन रोमांचित करने वाला था। ओलिंपिक की जीत से हरियाणवी होने के नाते दोहरी खुशी है।

हुड्डा ने फाइनल मुकाबले के लिए क्वालीफाई करने वाले नीरज चोपड़ा को भी बधाई व शुभकामनाएं दी। वहीं, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलिंपिक पदक विजेता खिलाडिय़ों को सीधे डीएसपी लगाए। जो खिलाड़ी पहले से डीएसपी लगे हुए हैं उन्हें पदोन्नति दी जाए। पूर्ववर्ती हुड्डा सरकार की पदक लाओ, पद पाओ नीति लागू होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शूटर मनु भाकर की पिस्टल खराब न होती और बाक्सर अमित पंघाल को अपना कोच साथ ले जाने को मिलता तो भारत के खाते में दो मेडल और होते। इसी तरह इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने पहलवान रवि दहिया को रजत पदक जीतने और 41 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने की बधाई दी।

chat bot
आपका साथी