पुरंदेश्वरी के लिफाफे में बंद हरियाणा भाजपा का रिपोर्ट कार्ड, बूथ स्तर तक देखा संगठन व सरकार का काम

Haryana BJP Report Card वरिष्ठ भाजपा नेत्री व पूर्व मंत्री डी पुरंदेश्वरी हरियाणा की तीन दिवसीय दौरे पर रही। इस दौरान उन्होंने भाजपा व सरकार के बूथ स्तर तक का काम देखा। वह कामकाज से संतुष्ट दिखी। वह हरियाणा भाजपा की रिपोर्ट हाईकमान को देंगी।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 10:35 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 10:50 AM (IST)
पुरंदेश्वरी के लिफाफे में बंद हरियाणा भाजपा का रिपोर्ट कार्ड, बूथ स्तर तक देखा संगठन व सरकार का काम
पंचकूला में कार्यकर्ताओं से बैठक करती पुरंदेश्वरी। फोटो उनके ट्विटर अकाउंट से

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana BJP Report Card: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) की दूत बनकर हरियाणा आई भाजपा (BJP) की राष्ट्रीय महामंत्री दग्गुबाती पुरंदेश्वरी (Daggubati Purandeshwari) ने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन और सरकार के कामकाज की बहुत बारीकी से थाह ली। लगातार तीन दिन तक हरियाणा के दौरे पर रही भाजपा नेत्री ने पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता और बड़े से बड़े नेता की बात को सुना।

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal Khattar) से मिलने पहुंची पुरंदेश्वरी संगठन और सरकार दोनों के कामकाज से संतुष्ट हैं। पुरंदेश्वरी मानती हैं कि हरियाणा में संगठन धरातल पर काम कर रहा है और सरकार अंत्योदय की भावना से ओतप्रोत होकर हर जरूरतमंद के चेहरे पर खुशी लाने के लक्ष्य को पूरा कर रही है।

पुरंदेश्वरी अपनी यह रिपोर्ट भाजपा हाईकमान को देंगी। इस रिपोर्ट के आधार पर संगठन और सरकार के कामकाज में पहले से ज्यादा तेजी आने के आसार हैं। भाजपा नेत्री का तीन दिन का हरियाणा प्रवास संगठनात्मक गतिविधियों का हिस्सा है। भाजपा अक्सर अपनी पार्टी के प्रमुख नेताओं को विभिन्न राज्यों में प्रवास पर भेजती है। पार्टी जानना चाहती है कि भाजपा प्रभारी और सह प्रभारी के इतर प्रवास पर गए नेताओं का सरकार तथा संगठन को लेकर क्या नजरिया है। केंद्रीय मंत्रियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, मंडल और बूथ अध्यक्षों के अलावा कार्यकर्ताओं से संवाद कर चंडीगढ़ पहुंची पुरंदेश्वरी ने कहा कि हरियाणा में संगठन तथा सरकार दोनों का काम बढ़िया है।

डी पुरंदेश्वरी एक जमाने में तेलुगू फिल्मों के सुपर स्टार और आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. एनटी रामाराव की बेटी हैं। आंध्रप्रदेश के ही पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू उनके जीजा हैं। यूपीए सरकार में पुरंदेश्वरी केंद्रीय मंत्री रह चुकी हैं और 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थी। पुरंदेश्वरी को दक्षिण भारत की 'सुषमा स्वराज' कहा जाता है। वह अपनी भाषण शैली की वजह से दक्षिण में काफी लोकप्रिय हैं। पुरूंदेश्वरी को पांच भाषाओं की जानकारी है, जिसके जरिये वह अपने राज्य के अलावा दक्षिण के अन्य राज्यों में भी लोकप्रिय हैं। उन्हें हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगू के साथ-साथ तमिल और फ्रेंच भाषा की जानकारी है।

पुरंदेश्वरी ने 15वीं लोकसभा में विशाखापट्टनम से जीत हासिल की थी। इसके पहले उन्होंने 14वीं लोकसभा में बापटला सीट से चुनाव जीता और यूपीए की सरकार में एचआरडी मंत्री बनी थीं। 2014 के चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन करने के बाद वह राजमपेट लोकसभा सीट से चुनाव हार गईं। इसके बाद उन्हें भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिम्मेदारी देते हुए तीन जुलाई 2015 को महिला मोर्चा का प्रमुख बनाया गया। अब उनके पास छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभार है।

जनसेवा को समर्पित भाजपा का संगठन और सरकार : पुरुंदेश्वरी

पुरुंदेश्वरी का मानना है कि हरियाणा में भाजपा का संगठन न केवल मजबूत है, बल्कि जनसेवा को समर्पित है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार भी जनता के विश्वास पर खरा उतर रही है। कोरोना काल में जरुरतमंदों की सहायता के लिए प्रदेश सरकार और संगठन ने मिलकर जो काम किए, वह काबिल-ए-तारीफ हैं। इस विकट समय में जब दूसरे राजनीतिक दलों के लोग एकांतवास में चले गए थे, तब भाजपा का कार्यकर्ता फील्ड में लोगों की सहायता कर रहा था। इससे पहले चंडीगढ़ में प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी, मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, सह मीडिया प्रमुख संजय आहूजा, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय और प्रवक्ता रंजीता मेहता ने पुरुंदेश्वरी की अगुवानी की।

इन प्रमुख मुद्दों पर जानिये पुरुंदेश्वरी की राय किसान आंदोलन से उपजी स्थिति का सामना करने में भाजपा कार्यकर्ता सक्षम है। पंजाब व उत्तर प्रदेश चुनाव में किसान आंदोलन का खास असर नहीं रहेगा। ऐसा कोई कानून नहीं है, जिसमें संशोधन न हो सके। आप आएं तो सही। बात करें। सरकार के दरवाजे किसान संगठनों के लिए खुले हैं, लेकिन कानून रद करने की रट छोड़नी होगी। पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों के लिए दोष सिर्फ केंद्र का नहीं है। केंद्र इन दोनों को जीएसटी के दायरे में लाने की बात करता है। राज्य सरकारों को इस पर सहमति बनानी होगी। पेगासस जासूसी मामला मात्र विपक्ष के आरोपों की देन है। इसका किसी के पास कोई ठोस आधार नहीं है। फिर भी ऐसा कोई विषय न हो, इसके लिए सरकार गंभीर है। भाजपा के लिए हर चुनाव अहम है। कोई चुनाव कम या ज्यादा अहमियत वासला नहीं होता। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ईमानदार हैं। भ्रष्टाचार को लेकर उन पर कोई अंगुली नहीं उठा सकता।

chat bot
आपका साथी