हरियाणा में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, एक ही दिन में 20 की मौत, 6267 नए संक्रमित मिले

हरियाणा में एक ही दिन में कोरोना संक्रमण से 20 लोगों की मौत हो गई जबकि राज्य में 6267 नए संक्रमित मिले हैं। राज्य में अब 33 हजार 818 एक्टिव केस हैं जबकि 31 लाख से अधिक लोग वैक्सीन ले चुके हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 09:19 AM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 09:19 AM (IST)
हरियाणा में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, एक ही दिन में 20 की मौत, 6267 नए संक्रमित मिले
हरियाणा में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमित। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना संक्रमितों का मामला तेजी से बढ़ने लगा है। संक्रमण भी नित नए रिकार्ड बना रहा है। गत दिवस हरियाणा में 6267 लोग और कोविड-19 की चपेट में आ गए। इस दौरान 20 लोगों की मौत हो गई। रोहतक में तीन, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और जींद में दो-दो तथा हिसार, करनाल, भिवानी, फतेहाबाद और नूंह में एक-एक मरीज की मौत हुई है। इसके अलावा 2958 मरीज ठीक भी हुए हैं।

हरियाणा में अब 33 हजार 818 एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटों में पिछले 24 घंटों में गुरुग्राम में सर्वाधिक 1919, फरीदाबाद में 980, सोनीपत में 418, हिसार में 288, अंबाला में 269, करनाल में 449, पानीपत में 155, रोहतक में 110, पंचकूला में 314, कुरुक्षेत्र में 243, यमुनानगर में 142, सिरसा में 202, भिवानी में 101, झज्जर में 148, फतेहाबाद में 103 और जींद में 163 नए संक्रमित मिले हैं।

रिकवरी रेट घटकर 89.13 फीसद और पाजिटिव रेट बढ़कर 5.07 फीसद हो गया है। प्रत्येक दस लाख लोगों पर दो लाख 66 हजार 889 लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। शुक्रवार को 67 हजार 600 से अधिक लोगों ने कोरोना के टीके लगवाए। अभी तक प्रदेश में 31 लाख से अधिक लोग वैक्सीन ले चुके हैं।

वहीं, संक्रमण को रोकने के लिए तमाम स्कूल-कालेज और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 30 अप्रैल तक कक्षाएं बंद करने के साथ ही चंडीगढ़ मुख्यालय से 12 सीनियर आइएएस अधिकारियों को कोविड-19 से संबंधित तैयारियों की समीक्षा और निगरानी के लिए फील्ड में उतारा गया है।

आइएएस संजीव कौशल फरीदाबाद, आलोक निगम पंचकूला, देवेंद्र सिंह करनाल, टीसी गुप्ता गुरुग्राम, अमित झा सोनीपत, एसएन राय अंबाला, डा. महावीर सिंह झज्जर, अनुराग रस्तोगी हिसार, विनीत गर्ग सिरसा, जी अनुपमा कुरुक्षेत्र, अपूर्व कुमार सिंह पानीपत और राकेश गुप्ता रोहतक का दौरा कर व्यवस्थाएं देखेंगे। यह अधिकारी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी, टेस्टिंग, टीकाकरण, अस्पतालों में आइसोलेशन बेड, आक्सीजन स्पोर्ट बेड, आइसीयू बेड, वेंटिलेटर्स, दवाइयां, मास्क, पीपीई किट, सेनेटाइजर के इंतजामों की समीक्षा करेंगे।

chat bot
आपका साथी