हरियाणा और पंजाब में धान की सरकारी खरीद 10 दिन के लिए स्‍थगित, अब 11 अक्‍टूबर से होगी

Paddy Purchase हरियाणा और पंजाब में धान की सरकारी खरीद 10 दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। पहले इसे आज से शुरू होना था लेकिन अब यह 11 अक्‍टूबर से शुरू होगा। ऐसा बारिश में फसल की भीग जाने के कारण किया गया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 08:45 AM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 08:45 AM (IST)
हरियाणा और पंजाब में धान की सरकारी खरीद 10 दिन के लिए स्‍थगित, अब 11 अक्‍टूबर से होगी
हरियाणा व पंजाब में धान की खरीद स्‍थगित कर दी गई है। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Paddy Purchase: हरियाणा और पंजाब में धान की सरकारी खरीद 10 दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। भारतीय खाद्य निगम के इन दोनों राज्यों में धान की खरीद स्थगित करने के अनुरोध के बाद केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं आपूर्ति वितरण मंत्रालय ने पत्र जारी कर हरियाणा व पंजाब में धान की सरकारी खरीद स्थगित करने के आदेश दिए हैं। पहले यह खरीद एक अक्टूबर से आरंभ होनी थी, मगर अब धान की सरकारी खरीद 11 अक्टूबर से आरंभ हो सकेगी।

भारतीय खाद्य निगम को आशंका, बारिश की वजह से इन दोनों राज्यों में भीग गई फसल

मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी जय प्रकाश की ओर से हरियाणा व पंजाब राज्यों के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिवों को पत्र भेजकर कहा गया है कि इन दोनों राज्यों में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण धान की परिपक्वता में देरी हुई है और नमी की मात्रा भी बढ़ सकती है। इसलिए किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए और किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि 10 अक्टूबर तक धान की खरीद स्थगित रखी जाए तथा 11 अक्टूबर से इसे आरंभ किया जाए।

भारतीय खाद्य निगम में नमीयुक्त धान लेने से मना किया, इसलिए अब देरी से होगी खरीद

केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों को स्पष्ट किया है कि धान की सरकारी खरीद एमएसपी पर ही होगी। दोनों राज्यों को कहा गया है कि भारतीय खाद्य निगम अधिक नमी वाला धान नहीं उठाएगी। इसलिए दोनों राज्य अपनी एजेंसियों को पहले से आ चुके धान को सुखाने की सलाह दें और आगे की उपज भी उचित ढंग से सुखाने के बाद ही मंडी में लाई जाए। सभी एजेंसियां अपनी मशीनरी को तैयार करें और धान की खरीद के लिए आवश्यक कार्यवाही अमल में लाएं।

 हरियाणा में आज से आरंभ होनी थी खरीद, भाकियू ने विधायकों-सांसदों के घेराव की चेतावनी दी

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने धान की खरीद 11 अक्टूबर से शुरू होने की पुष्टि की है। दूसरी तरफ भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि यदि सरकार ने एक अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद आरंभ नहीं की तो इसके विरोध में दो अक्टूबर से भाजपा के सांसदों व विधायकों का घेराव किया जाएगा तथा उन्हें अपने घरों से नहीं निकलने दिया जाएगा। बता दें कि राज्य सरकार ने एक अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू करने की पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन केंद्र सरकार के निर्देश आने के बाद इसे अब स्थगित कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी