हरियाणा में सरकारी दफ्तरों में रोटेशन सिस्टम खत्म, आफिस में सभी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य

हरियाणा में कोरोना संक्रमण के पीक के दौरान सरकारी कर्मचारियों को रोटेशन पर आफिस बुलाया जा रहा था लेकिन अब कोरोना के मामले काफी कम होने के बाद इन कर्मचारियों का रोटेशन सिस्टम खत्म कर दिया गया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 11:31 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 11:51 AM (IST)
हरियाणा में सरकारी दफ्तरों में रोटेशन सिस्टम खत्म, आफिस में सभी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य
हरियाणा में कर्मचारियों का रोटेशन सिस्टम खत्म। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना की दूसरी लहर धीमी पड़ने के बाद अब प्रदेश सरकार ने सभी कच्चे-पक्के कर्मचारियों को दफ्तरों में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा में कोरोना के पीक पर पहुंचने के बाद 16 अप्रैल से ही सभी कार्यालयों में अंडर सेक्रेटरी स्तर से नीचे के केवल 50 फीसद कर्मचारियों को ही रोटेशन के अनुसार दफ्तरों में बुलाया जा रहा था।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से शुक्रवार को सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, उपायुक्तों और बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों को लिखित आदेश जारी किए गए हैं कि दफ्तरों में समस्त कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चत करें। आदेशों के मुताबिक दिव्यांग कर्मचारियों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को भी सामान्य दिनों की तरह आफिस में आकर काम निपटाने होंगे।

चरखी दादरी में अब कोई मरीज नहीं, आठ जिलों में 100 से कम संक्रमित

चरखी दादरी में अब कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं है। नूंह में 12, फतेहाबाद में 16 और सोनीपत में 18 एक्टिव केस हैं। इसके साथ ही प्रदेश के आठ जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या 100 से नीचे सिमट गई है। हरियाणा में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। शुक्रवार को चरखी दादरी और झज्जर में एक भी नया मरीज नहीं मिला।

नूंह और महेंद्रगढ़ में एक-एक, पानीपत व रोहतक में तीन-तीन, रेवाड़ी में चार, कुरुक्षेत्र में छह और हिसार में सात नए मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 209 नए मरीज मिले हैं, जबकि 460 लोग ठीक हो गए। इसके अलावा 36 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 34 हजार 168 लोगों ने कोरोना की जांच कराई और 83 हजार 862 लोगों ने टीकाकरण कराया। दैनिक संक्रमण दर 0.67 फीसद पर आ गई है तो रिकवरी रेट भी बढ़ता हुआ 98.42 फीसद पर पहुंच गया है। मृत्यु दर 1.20 फीसद है।

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी