हर घर में जल पहुंचाने वाला पहला जिला बना पंचकूला

हर घर में नल से जल पहुंचाने वाला पंचकूला हरियाणा का पहला जिला बन गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 08:15 AM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 08:15 AM (IST)
हर घर में जल पहुंचाने वाला पहला जिला बना पंचकूला
हर घर में जल पहुंचाने वाला पहला जिला बना पंचकूला

जागरण संवाददाता, पंचकूला : हर घर में नल से जल पहुंचाने वाला पंचकूला हरियाणा का पहला जिला बन गया है। जनस्वास्थ्य विभाग ने 33,108 घरों में पानी के कनेक्शन उपलब्ध करवा दिए गए हैं। देश के प्रत्येक घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए 2024 तक का लक्ष्य निर्धारित है। जबकि हरियाणा ने 2022 तक इस मिशन को पूरा करने का संकल्प लिया है। पंचकूला ने यह लक्ष्य 2021 में ही हासिल कर लिया है। पंचकूला की सभी 128 ग्राम पंचायतों के 33,108 घरों में कनेक्शन दिए गए हैं। प्रोजेक्ट पर 20 करोड़ की राशि खर्च की गई है। इसके तहत 77 हजार मीटर लंबी पुरानी पाइपलाइनों को बदला गया है और आवश्यक्ता अनुसार नई पाइपलाइन डालने की व्यवस्था भी की जा रही है। हर घर में कम से कम 55 लीटर प्रति व्यक्ति के हिसाब से पानी उपलब्ध करवाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है।

केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक नल से जल पहुंचाया जाना है। जिले के प्रत्येक गांव में अब नल से जल आपूर्ति हो रही है। अब विभाग लोगों को जल के सदुपयोग के लिए जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाएगा। गांवों में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विलेज वाटर एंड सीवरेज कमेटीज का गठन किया गया है। सभी 128 पंचायतों में इन कमेटीज का गठन हो चुका है। पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए रामगढ़ और पिजौर में स्थापित लैबस को ओर अपग्रेड किया गया है। जल आपूर्ति व गुणवत्ता को लेकर किसी भी समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा उपभोक्ता अपनी शिकायत उमंग एप्लीकेशन व सरल पोर्टल पर भी भेज सकते हैं। इन समस्याओं का समाधान दो दिन के अंदर किया जाएगा। चाहे मोरनी का पहाड़ी क्षेत्र हो या बरवाला का समतल इलाका, पानी हर घर की आवश्यक्ता है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने वाला पंचकूला हरियाणा का पहला जिला बन गया है।

कोट्स

सरकार का काम लोगों को संसाधन उपलब्ध करवाना है, लेकिन उनका समुचित रखरखाव और सदुपयोग क्षेत्र वासियों का सामूहिक दायित्व है। जल हमारी सभ्यता के विकास का परिचायक है। धरती पर मानव सभ्यता वहीं विकसित हुई है, जहां पानी के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहे हैं। जनस्वास्थ्य विभाग ने हर घर तक नल से जल पहुंचाने का सराहनीय काम किया है। लोगों को अब जल के उपयोग के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहना होगा।

-ज्ञान चंद गुप्ता, अध्यक्ष हरियाणा विधानसभा एवं विधायक पंचकूला प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मई 2020 को जल जीवन मिशन की घोषणा की थी। इस मिशन के तहत विभाग ने तत्परता से काम किया है। इस योजना के अंतर्गत हर घर में कम से कम 55 लीटर प्रति व्यक्ति के हिसाब से पानी उपलब्ध करवाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है। -अशोक शर्मा, अधीक्षक अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग पंचकूला

chat bot
आपका साथी