ओपी धनखड़ ने बनाई हरियाणा भाजपा की जंबो कार्यकारिणी, सीएम व मंत्री सहित सभी सांसद भी शामिल

हरियाणा भाजपा के अध्‍यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पार्टी की राज्‍य कार्यक‍ारिणी का गठन किया है। धनखड़ अपनी जंबो कार्यकारिणी में मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल राज्‍य के मंत्रियों और राज्‍य के सभी लोकसभा और राज्‍यसभा सदस्‍यों को शामिल किया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 09:20 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 09:20 AM (IST)
ओपी धनखड़ ने बनाई हरियाणा भाजपा की जंबो कार्यकारिणी, सीएम व मंत्री सहित सभी सांसद भी शामिल
हरियाणा भाजपा के अध्‍यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और सीएम मनोहरलाल की फाइल फोटो।

चंडीगढ़, जेएनएन। 11 माह पहले राज्य में सत्तारूढ़ दल की कमान संभालने वाले ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश भाजपा की जंबो कार्यकारिणी घोषित कर दी है। जिला, ब्लाक और अब प्रदेश कार्यकारिणी बिना विवाद के बनाने को धनखड़ का संगठनात्मक कौशल बताया जा रहा है। धनखड़ ने प्रदेश कार्यकारिणी बनाते समय सभी क्षेत्र, वर्ग और पार्टी के प्रमुख नेताओं का ध्यान रखा है।

सीएम मनोहर लाल सहित उनके मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों, लोकसभा व राज्यसभा सदस्यों को किया शामिल

इतना ही नहीं, धनखड़ ने उन नेताओं को भी प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल कर लिया है जो विधानसभा चुनाव के बाद से पार्टी की मुख्य धारा से दूर चले गए थे या फिर पार्टी गतिविधियों में सक्रिय नहीं थे। इस क्रम में धनखड़ ने पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु सहित पूर्व मंत्री विपुल गोयल, राव नरबीर सिंह, संतोष सारवान को भी शामिल कर लिया है।

पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु और टिकट से वंचित विपुल गोयल, राव नरबीर, संतोष सारवान को भी स्थान

प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकारिणी बनाते समय यह तो ध्यान रखा कि सभी प्रमुख नेताओं को इसमें शामिल किया जाए मगर यह परवाह नहीं की कि किसे बनाने से कौन नेता नाराज होगा। यही कारण है कि कई क्षत्रप प्रमुख नेताओं के जिलाें में उनके विरोधी भी कार्यकारिणी में स्थान पा गए। धनखड़ ने छह सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल का भी गठन किया है। इसके अलावा 22 जिलों से 107 कार्यकर्ताओं को जिला स्तरीय प्रमुख नेताओं की संस्तुति पर शामिल किया है।

छह सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल का किया गठन

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता,जयनारायण सहित प्रमुख नेता नीतिसेन भाटिया, सीताराम बागड़ी और मेवात के दिग्गज नेता भानीराम मंगला प्रदेश भाजपा के मार्गदर्शक मंडल में रहेंगे।

22 जिलों से 107 सदस्यों को कार्यकारिणी में लेकर क्षत्रपों को किया संतुष्ट

धनखड़ ने राज्य के 22 जिलों में से भी जिला की आबादी के अनुसार कार्यकारिणी सदस्य बनाए हैं। 107 सदस्यों में उन कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया गया है जिनकी संस्तुति जिला व लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख नेताओं ने की थी।

इसके अलावा धनखड़ के नेतृत्व वाली प्रदेश कार्यकारिणी में सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के संयोजक,सभी जिलाध्यक्ष, जिला परिषदों में भाजपा के वर्तमान चेयरमैन, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका में भाजपा के चेयरमैन, निगरानी कमेटी के लोकसभा संयोजक भी पदेन सदस्य होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों सहित राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य सुधा यादव को भी धनखड़ ने कार्यकारिणी में स्थान दिया है।

chat bot
आपका साथी