भारत के साथ मिलकर मॉरीशस भी करेगा दुनिया में गीता का प्रचार

भारत और मॉरीशस मिलकर पूरी दुनिया में गीता का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस संकल्प के साथ मॉरीशस के पोर्ट लुइस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का समापन हो गया।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 17 Feb 2019 02:47 PM (IST) Updated:Sun, 17 Feb 2019 02:48 PM (IST)
भारत के साथ मिलकर मॉरीशस भी करेगा दुनिया में गीता का प्रचार
भारत के साथ मिलकर मॉरीशस भी करेगा दुनिया में गीता का प्रचार

जेएनएन, चंडीगढ़। भारत और मॉरीशस मिलकर पूरी दुनिया में गीता का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस संकल्प के साथ मॉरीशस के पोर्ट लुइस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का समापन हो गया। इस दौरान सभी लोगों ने दोनों हाथ उठाकर ओम के उच्चारण के साथ गीता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ मॉरीशस के कार्यकारी राष्ट्रपति परमशिवम पिल्लै व्योपूरी, मंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ और पृथ्वी राज सिंह रूपन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता के प्रचार-प्रसार की वकालत की। जगन्नाथ ने कहा कि पिछले साल हमें विश्व हिंदी सम्मेलन की मेजबानी का मौका मिला था और इस साल पहले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन का सौभाग्य मिला है। इससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक रिश्ते और मजबूत होंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मॉरीशस के लोगों को विश्वास दिलाया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन के लिए हरियाणा हर तरह का सहयोग देता रहेगा। उन्होंने महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।

समापन समारोह में मॉरीशस में भारतीय उच्चायुक्त तन्मय लाल, हरियाणा के सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशक समीर पाल सरो और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव विजय सिंह दहिया मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर बताई हरियाणा की मुहिम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पोर्ट लुइस के ऐतिहासिक बोटेनिकल गार्डन में भारत-मॉरीशस मैत्री के प्रतीक के रूप में पौधरोपण किया। मुख्यमंत्री ने दीर्घजीवी फंगम का पौधा लगाते हुए कहा कि यह दीर्घकाल तक दोनों देशों के भावनात्मक संबंधों में अपनेपन की याद दिलाता रहेगा। इस गार्डन में लगाए पौधे के रूप में मेरी यादगार यहां हमेशा बनी रहेगी।

हरियाणा में पौधरोपण अभियान की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विद्यार्थियों ने 26 लाख पौधे लगाकर तीन साल तक इनकी देखभाल का संकल्प लिया है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गन्ने की पैदावार के लिए नवीनतम तकनीकों की जानकारी ली। सीएम ने गन्ना उद्योग के संग्रहालय 'एडवेंचरडू सुकरे' जाकर मॉरीशस के गन्ना उद्योग के इतिहास व इसके विकास की जानकारी ली।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी