हरियाणा कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर लगी मुहर, हॉकी खिलाड़ियों को नौकरी व 2.5-2.5 करोड़ मिलेंगे

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मोहर लगी। टोक्यो ओलिंपिक में ब्रांज हासिल करने वाली हॉकी टीम के हरियाणा के दो खिलाड़ियों को नौकरी व 2.5-2.5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 03:22 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 03:26 PM (IST)
हरियाणा कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर लगी मुहर, हॉकी खिलाड़ियों को नौकरी व 2.5-2.5 करोड़ मिलेंगे
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंड़ीगढ़। हरियाणा कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सीएम ने खुद पत्रकारों को मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से बुलाने का फैसला किया गया। सीएम ने ओलिंपिक में हॉकी में जीत पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही कहा कि टीम में शामिल राज्य के दो हॉकी खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये और ग्रुप बी सीनियर कोच की नौकरी दी जाएगी। 

हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में टोक्यो में चल रहे ओलिंपिक खेलों में 41 साल बाद भारतीय हाकी टीम को मिले कांस्य पदक का जश्न मनाया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज समेत सभी मंत्रियों ने भारतीय हाकी टीम के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज तो बकायदा मिठाई लेकर मंत्रिमंडल की बैठक में पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी।

इससे पहले अंबाला छावनी में अनिल विज ने अपने समर्थकों के बीच खुशी मनाते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए। भारतीय हाकी टीम में हरियाणा के दो खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार और सुमित कुमार हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इन दोनों खिलाड़ियों को ढाई-ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया है। दोनों खिलाड़ियों को खेल विभाग में सीधे सीनियर कोच की नौकरी दी जाएगी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लाट कंसेशनल रेट (रियायती दरों) पर देने की भी घोषणा की है।

खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने भारतीय हाकी खिलाड़ियों को बधाई दी है।ओलिंपिक खेलों के फाइनल मुकाबले में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हरियाणा के पहलवान सोनीपत जिले के रवि दहिया ने सिल्वर मेडल जीता है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की खेल नीति के अनुसार रवि दहिया को चार करोड़ रुपये की नकद राशि, क्लास वन नौकरी और रियायती दर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का एक प्लाट देने की घोषणा की है। रवि दहिया के गांव नाहरी में आधुनिक सुविधाओं से लैस इन्डोर रेसलिंग स्टेडियम बनाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की है।

मनोहर लाल ने कहा कि ओलिंपिक खेलों में पदक हासिल करने वाले हरियाणा के सभी खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह किया जाएगा। मनोहर लाल की सरकार के पहले कार्यकाल में खेल मंत्रालय अनिल विज के पास ही था। अब संदीप सिंह खेल राज्य मंत्री हैं। वह भारतीय हाकी टीम के कप्तान रह चुके हैं। अनिल विज ने ओलिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता को छह करोड़, रजत पदक विजेता को चार करोड़ और कांस्य पदक विजेता को ढाई करोड़ रुपये का नकद इनाम दिए जाने की नीति बनाई थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस पालिसी को लागू करने में जरा भी देर नहीं लगाई।

20 अगस्त से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा का मानसून सत्र 20 अगस्त से शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस दिन शुक्रवार है। दो दिन शनिवार और रविवार के अवकाश के बाद सोमवार व मंगलवार तक मानसून सत्र चल सकता है। सत्र की अवधि हालांकि विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में तय होगी, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि यह सत्र तीन दिन से अधिक नहीं चलेगा।

मानसून सत्र में अपनाया जाएगा कोरोना प्रोटोकाल

हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का कहना है कि सत्र कितने दिन तक चलेगा, इसका फैसला विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में होगा। उन्होंने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए इस बार भी सदन में कोरोना प्रोटोकाल का ध्यान रखा जाएगा। शारीरिक दूरी अपनाने के नियमों का पालन होगा। मीडिया गैलरी हरियाणा निवास में ही बनेगी। सभी मंत्रियों-विधायकों व अधिकारियों की सदन में थर्मल स्कैनिंग के बाद प्रवेश कराया जाएगा। बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध लगाए जाने की घटना से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

कैबिनेट में इन फैसलों पर लगी मोहर हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक में 42 एजेंडे थे, जिनमें से 5 को डेफर किया गया, जबकि 37 को मंजूर किया है।किसानों को आपसी जमीन में अदला-बदली करने में स्टाम्प ड्यूटी में राहत दे दी गई है।  सरकार ने कैबिनेट में लैंड बैंक बनाने की मंजूरी दी है। टीचर्स ट्रांसफर पॉलिसी में एमेंडमेंट करके कैबिनेट की मंजूरी दी है। नियमित टीचर्स को पहला विकल्प मिलेगा। बाद में गेस्ट टीचर्स को ऑप्शन रहेगा। निशक्त टीचर्स के लिए जो नियम थे उनको बदला गया है। दिव्यांग (आंख से नहीं देखने वाले) के लिए भी नियम बदले हैं। इस पॉलिसी में टीचर्स के साथ साथ क्लर्क और चपरासी भी शामिल रहेंगे। रेंटल पॉलिसी को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। हरियाणा में करीब पौने तीन लाख सरकारी कर्मचारी हैं। इसके अलावा अनुबंध पर भी कर्मचारी हैं, इसलिए कर्मचारियों को लेकर नया विभाग बनाने का फैसला किया है। विभाग का नाम ह्यूमन रिसोर्स रहेगा ये कर्मचारियों के लिए बनेगा। परिवार पहचान पत्र योजना के तहत 1 लाख 80 हजार से कम आय वाले परिवारों को पीएम किसान सम्मान निधि या अन्य लाभ से उनको जीवन बीमा का लाभ मिलेगा।  हिसार के एयरपोर्ट को महाराज अग्रेसन के नाम पर किए जाने को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम बनाने का फैसला किया है। इसके माध्यम से कांट्रेक्ट पर भर्ती होगी।

chat bot
आपका साथी