हरियाणा में लाकडाउन का दिखा सकारात्मक असर, कोरोना वायरस के संक्रमण की दर में आई कमी
Lockdown In Haryana हरियाणा में कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण पिछले सप्ताह लागू किए गए लाकडाउन का सकारात्मक असर दिखा है। राज्य में इस दौराना कोरोना वायरस के संक्रमण के मामलों में कमी आई। इससे सरकार को भी राहत मिली है।
चंडीगढ़, [सुधीर तंवर]। Haryana Lockdown: हरियाणा में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लगाए गए एक सप्ताह के लाकडाउन का सकारात्मक असर दिखा है। इस दौरान नए कोरोना मरीजों की संख्या में जहां कुछ हद तक गिरावट आई है, वहीं ठीक होने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। चार दिन से मौतों का लगातार नीचे आ रहा ग्राफ कुछ राहत दे रहा है। नौ जिलों में नए मरीजों की तुलना में कहीं अधिक मरीज महामारी को हरा रहे हैं। इनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, पलवल, फतेहाबाद, नूंह, जींद और महेंद्रगढ़ शामिल हैं।
टीकाकरण और जांच की रफ्तार बढ़ी, चार दिन से लगातार मौतों की संख्या में आ रही गिरावट
प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा था। इससे निपटने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज ने उच्च स्तरीय बैठक के बाद 30 अप्रैल की रात दस बजे नौ जिलों पंचकूला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत, रोहतक, करनाल, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में वीकेंड लाकडाउन लगाने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद पूरे प्रदेश में तीन मई की सुबह पांच बजे से दस मई की सुबह पांच बजे तक लाकडाउन घोषित कर दिया गया।
नौ जिलों में नए केसों की तुलना में महामारी को हरा रहे ज्यादा मरीज
इससे पहले अप्रैल के दूसरे सप्ताह में सभी जिलों में धारा 144 लगाते हुए रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक कोरोना कर्फ्यू लगाते हुए शाम छह बजे से भीड़-भाड़ वाले सभी बाजारों को बंद कराने के आदेश जारी कर किए गए थे। हालांकि इसका असर ज्यादा नहीं हुआ तो राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लाकडाउन का फैसला कर लिया। स्कूल-कालेज, आइटीआइ सहित तमाम शिक्षण संस्थान और आंगनबाड़ी व क्रेच 31 मई तक के लिए पहले से बंद हैं। अब प्रदेश सरकार आगे की रणनीति बनाने में जुटी है।
लाकडाउन के बाद की स्थिति
दिन - संक्रमित मिले - ठीक हुए - मौतें - टीकाकरण - जांच
1 मई - 13,588 - 8509 - 125 - 12,744 - 50,823
2 मई - 13,322 - 10,423 - 145 - 18,310 - 50,230
3 मई - 12,885 - 13,293 - 140 - 56,999 - 48,566
4 मई - 15,786 - 11,525 - 153 - 67,568 - 58,408
5 मई - 15,416 - 10,640 - 181 - 55,889 - 51,453
6 मई - 14,840 - 12,246 - 177 - 98,466 - 52,132
7 मई - 13,867 - 13,854 - 162 - 97,236 - 52,514
8 मई - 14,667 - 14,366 - 155 - 70,099 - 55,555
लाकडाउन से पहले की स्थिति
दिन - संक्रमित मिले - ठीक हुए - मौतें - टीकाकरण - जांच
23 अप्रैल - 11,854 - 6334 - 60 - 77,968 - 49,152
24 अप्रैल - 10,491 - 5104 - 60 - 62,046 - 49,069
25 अप्रैल - 10,985 - 6057 - 64 - 30,115 - 46,989
26 अप्रैल - 11,504 - 6211 - 75 - 47,340 - 35,523
27 अप्रैल - 11,931 - 7184 - 84 - 32,275 - 47,198
28 अप्रैल - 12,444 - 7618 - 95 - 34,506 - 48,740
29 अप्रैल - 13,947 - 9536 - 97 - 40,468 - 48,705
30 अप्रैल - 13,833- 9348 - 98 - 27,584 - 50,031
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें