हरियाणा में High Alert, डीजीपी मनोज यादव बोले- उपद्रवियों व दंगाइयों से सख्ती से निपटेगी पुलिस

किसानों के दिल्ली मार्च केे दौरान भड़की हिंसा के बाद हरियाणा पुलिस सतर्क हो गई है। इसके बाद राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। हरियाणा पुलिस का कहना है कि दंगाइयों व अराजक लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 06:47 PM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 08:40 PM (IST)
हरियाणा में High Alert, डीजीपी मनोज यादव बोले- उपद्रवियों व दंगाइयों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
दिल्ली में भड़की हिंसा के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। गणतंत्र दिवस पर राजधानी दिल्ली में किसान ट्रैक्टर मार्च के दौरान कई इलाकों में हुई हिंसक घटनाओं को देखते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज यादव ने हाई अलर्ट जारी करते हुए तमाम जिला पुलिस कप्तानों को अत्यधिक सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने कहा कि दंगाइयों व उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के लिए प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, रेंज एडीजीपी/आइजी व जिला पुलिस अधीक्षकों को हाई अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स भी लगा दी गई है। इतना ही नहीं पुलिस का खुफिया तंत्र भी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

डीजीपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस अब किसी तरह का कोई रिस्क नहीं लेगी। हरियाणा में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। दंगा करने वालों या अफवाहों के माध्यम से दंगा भड़काने वालों को हिरासत में लेकर उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में हुए हिंसक प्रकरण के बाद किसान अपने गंतव्य स्थान की ओर लौट रहे हैं। इसके लिए पुलिस को चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहने को कहा गया है। पुलिस सभी लोगों पर पैनी नजर रखते हुए उनकी वापसी को भी सुनिश्चित करेगी। इस दौरान अगर कोई भी सरकारी कार्यालयों, वाहनों सहित राज्य सरकार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने व कानून व्यवस्था को बिगाड़नेे की कोशिश करता है तो पुलिस बल प्रयोग करने से नहीं हिचकेगी। राज्य पुलिस बल चैबिस घंटे मुस्तैदी के साथ हाई रिस्क प्वाइंट्स भी करेगा।

सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

यादव ने कहा कि आंदोलन की आड़ में कुछ असमाजिक तत्व अपना स्वार्थ साधने के लिए अफवाहों के माध्यम शांति भंग करने का भी प्रयास कर सकते हैं। इसके चलते पुलिस की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर है। किसी भी प्रकार की भ्रांति फैलाने वाली, भड़काऊ, उकसाने वाली व अराजकता फैलाने वाली पोस्ट शेयर या फारवर्ड की जाती है तो कानून अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीजीपी ने कहा कि आमजन अफवाहों पर ध्यान न दें व नवीनतम जानकारी के लिए हरियाणा पुलिस की वेबसाइट व ट्विटर हैंडल को फाॅलो करें।

chat bot
आपका साथी