हरियाणा 20 दिन तक रहेगा मोदीमय, प्रधानमंत्री के जन्‍म दिन पर भाजपा का सेवा और समर्पण अभियान

PM Narendra Modi BirthDay प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जन्‍म दिन के अवससर पर हरियाणा भाजपा सेवा और समर्पण अभियान शुरू करेगी। इस दौरान 20 दिन तक हरियाणा मोदीमय रहेगा। हरियाणा भाजपा ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 06:30 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 08:23 AM (IST)
हरियाणा 20 दिन तक रहेगा मोदीमय, प्रधानमंत्री के जन्‍म दिन पर भाजपा का सेवा और समर्पण अभियान
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और हरियाणा भाजपा अध्‍यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 71वें जन्मदिन पर 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक 20 दिन हरियाणा मोदीमय रहेगा। इस अवसर पर भाजपा के सेवा एवं समर्पण अभियान की शुरुआत शुक्रवार को होगी।  हरियाणा भाजपा ने इसकी रूपरेखा तैयार कर ली है। 20 दिवसीय इस अभियान के तहत एक दर्जन से अधिक सेवा कार्य करते हुए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचेंगे।

सेवा कार्यों के साथ-साथ हर विधानसभा में 11 विषयों पर संगोष्ठियां और सेमीनार आयोजित करने का खाका खींचा गया है, जिनके जरिये प्रधानमंत्री मोदी के कल्याणकारी फैसलें जनता के सामने रखे जाएंगे। इन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं का पर्यावरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता के प्रति समर्पण तथा जरूरतमंदों, दिव्यांगों और बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए सेवा भाव दिखाई देगा।

  मोदी के 71वें जन्मदिन पर समाज सेवा के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार, धनखड़ ने सौंपी जिम्मेदारी

वैसे तो मोदी के जन्मदिन पर पूरे देश में कार्यक्रम होने हैं, लेकिन तिरंगा यात्रा की सफलता के तुरंत बाद और किसान संगठनों के आंदोलन के बीच होने वाले इन कार्यक्रमों पर केंद्रीय नेताओं की भी नजर रहेगी। अभियान की रूपरेखा खुद प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने तैयार करते हुए प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट को अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी दी है तथा बाकी गतिविधियों के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।

तिरंगा यात्रा की सफलता के बाद किसान संगठनों के आंदोलन के बीच भाजपा फिर दिखाई देगी सक्रिय

भाजपा के मीडिया प्रमुख संजय शर्मा, सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी और प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बताया कि 17 सितंबर को मोदी 71 वर्ष के हो जाएंगे। इसलिए पार्टी प्रदेश भर में 71 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाएगी। हर स्थान पर कम से कम 71 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। इसी दिन कोरोना की रोकथाम के लिए ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण कराने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने इन स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जिम्मेदारी विधायक डा. कमल गुप्ता और भाजयुमो अध्यक्ष राहुल राणा को सौंपी है।

पर्यावरण संबंधी कार्य किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर मांढ़ी एवं प्रकोष्ठ अध्यक्ष नवीन गोयल संभालेंगे। पर्यावरण स्वच्छ रहे, इसलिए 71 हजार पौधे प्रत्येक गांव और शहर के वार्ड में लगाए जाएंगे। सेवा गतिविधियों की कमान विधायक सत्यप्रकाश जरावता और महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान के हवाले की गई है।

प्रदेश भर के सभी 68 नागरिक अस्पतालों और 128 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों और दिव्यांगों को फल वितरण होंगे। इन दिनों में 71 लाख लोगों को प्रधानमंत्री राहत कार्य के तहत राशन वितरण किया जाएगा। सभी को राशन वितरण का कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने 20 लाख धन्यवाद पत्र प्रधानमंत्री को भेजने का लक्ष्य दिया है। इस कार्य की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री मोहनलाल कौशिक एवं पूर्व महामंत्री संदीप जोशी को सौंपी गई।

दीनदयाल और महात्मा गांधी की जयंती पर भी होंगे कार्यक्रम

सेवा और समर्पण अभियान के दौरान देश के दो बड़े महापुरुषों की जयंतियां भी है। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रदेश में सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता उनको याद करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती को स्वच्छता एवं खादी के प्रोत्साहन और आत्मनिर्भर भारत के कार्यक्रम करते हुए मनाया जाएगा। इस दौरान हर शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

दीनदयाल उपाध्याय जयंती के कार्यक्रमों को विधायक महीपाल ढांडा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कृष्णलाल पंवार, ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कर्णदेव कांबोज और अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष नसीम अहमद देखेंगे। महात्मा गांधी जयंती के कार्यक्रमों के आयोजन का जिम्मा पूर्व मंत्री कविता जैन, रवींद्र बलियाला, कर्ण सिंह रानोलिया और सतीश खोला को दिया गया है।

भाजपा संगठन की बूथ इकाई त्रिदेव यानी बूथ के पालक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए-टू नियुक्त कर लिए जाने बाद 29, 30 सितंबर और एक अक्टूबर को विधानसभा स्तर पर सम्मेलन करेगा। चार अक्टूबर से सात अक्टूबर तक यही त्रिदेव अपने अपने बूथों पर घर घर जाकर वैक्सीनेशन के लिए जनजागरण करेंगे।

chat bot
आपका साथी