हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की तबीयत बिगड़ी, आक्सीजन लेवल कम हुआ, डाक्टरों ने दी आराम की सलाह

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। उनका आक्सीजन लेवल कम हो गया है। डाक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है। लगातार काम करने के कारण विज की तबीयत बिगड़ी है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 09:07 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 08:04 AM (IST)
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की तबीयत बिगड़ी, आक्सीजन लेवल कम हुआ, डाक्टरों ने दी आराम की सलाह
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। लगातार काम करने की वजह से हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की तबीयत फिर खराब हो गई। शनिवार को अंबाला छावनी में लगातार कई घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करने के बाद अनिल विज की तबीयत खराब हो गई। रविवार को उनका आक्सीजन लेवल कम हो गया, जिस कारण डाक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

अनिल विज तबीयत खराब होने की स्थिति में भी लगातार काम करते रहते हैं। डाक्टर उन्हें निरंतर आराम करने की सलाह देते हैं, लेकिन थोड़ा ठीक महसूस करते ही अनिल विज फिर से काम पर जुट जाते हैं। शनिवार को उन्होंने पूरे दिन पूरे प्रदेश से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। रविवार को उनका आक्सीजन स्तर कम हो गया, जिस कारण वह स्वस्थ महसूस नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि काम किए बिना मैं नहीं रह सकता। प्रदेश भर के लोग बहुत उम्मीद के साथ उनके दरबार में समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। जब तक हर आदमी की समस्या न सुन ली जाए और उस पर कार्रवाई न हो जाए, तब तक न तो मुझे चैन मिलता है और न ही लोगों को लगता है कि उन्हें अनिल विज के दरबार में आने का कोई फायदा हुआ।

अनिल विज ने कहा कि मेरे डीएनए में आराम नाम की चीज ही नहीं है। मैं तबीयत खराब होने की बात कहकर लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकता। डाक्टर अपनी जगह सही हैं। वह आराम करने की सलाह देते हैं। मैंने पीजीआइ में उपचार कराते-कराते भी फाइलें निकाली हैं। अब भी मैं निरंतर काम करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि लोगों की अपेक्षाओं और उम्मीदों पर खरा उतरना हम सबकी जिम्मेदारी है और मैं अपना फर्ज पूरा कर रहा हूं। बता दें, अनिल विज कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद वह कई दिन अस्पताल में रहे। उसके बाद से उन्हें स्वास्थ्य में दिक्कत आ रही है। 

chat bot
आपका साथी