हरियाणा में प्रगतिशील किसानों और उत्पादक संगठनों को आगे बढ़ाएगी सरकार, 1500 एफपीओ बनाने की योजना

Haryana Progressive Farmers हरियाणा सरकार राज्य में प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करेगी। इसके लिए प्रगतिशील किसानों का सेल तैयार किया जाएगा। प्रगतिशील किसन एक प्रशिक्षक के रूप में काम कर हर वर्ष पांच किसानों को प्रशिक्षण देगा ।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 03 Oct 2021 06:54 PM (IST) Updated:Sun, 03 Oct 2021 06:54 PM (IST)
हरियाणा में प्रगतिशील किसानों और उत्पादक संगठनों को आगे बढ़ाएगी सरकार, 1500 एफपीओ बनाने की योजना
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रस्ताव रखा कि ऐसे तमाम प्रगतिशील किसानों का सेल बनाया जाएगा और उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रगतिशील किसान एक प्रशिक्षक के रूप में काम करेंगे तथा हर साल पांच किसानों को प्रशिक्षण देकर उन्हें भी प्रगतिशील किसानों की श्रेणी में लाकर खड़ा करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में करीब डेढ़ हजार किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) बनाने की भी घोषणा की। इन एफपीओ के माध्यम से किसान अपने उत्पादों की बिक्री कर सकते हैं और मंडियां भी चला सकते हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को भारतीय किसान मोर्चा के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ अपने निवास पर संवाद कर रहे थे। भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का तीन अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद आरंभ करा देने के लिए सम्मान किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और कृषि मंत्री जेपी दलाल समेत कई सांसदों और विधायकों के साथ केंद्रीय मंत्री से मिले थे। केंद्र सरकार ने बारिश की वजह से धान में नमी की बात कहते हुए 11 अक्टूबर से सरकारी खरीद का ऐलान किया था, लेकिन किसानों के विरोध व उनकी जरूरत को देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल तुरंत दिल्ली पहुंचे और उन्होंने तीन अक्टूबर से ही धान की सरकारी खरीद आरंभ करा दी।

मुख्यमंत्री ने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों से कहा कि जिला स्तर पर ऐसे प्रगतिशील किसानों की सूची तैयार की जाए, जिनकी प्रति एकड़ आमदनी ज्यादा है, ताकि वे दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें। सरकार ने किसानों की आमदनी डबल करने लिए प्रदेश में 600 एफपीओ बनाए हैं, जिनसे 78 हजार किसान जुड़ गए हैं। भविष्य में 1500 एफपीओ और बनाने की योजना है। इससे लाखों किसानों को फायदा होगा। एफपीओ से जुड़कर किसान अपनी जमीन पर कोल्ड स्टोरेज, खुंबी उत्पादन, मधुमक्खी पालन शुरू कर सकते हैं। कुछ किसान मिलकर अपनी छोटी मंडी भी चला सकते हैं। किसान अपनी फसल की आनलाइन ट्रेडिंग आरंभ कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने मोर्चा के पदाधिकारियों से जमीन के बंटवारे के बारे में जानकारी ली और अपनी जमीन के बंटवारे का वृतांत सुनाया। उन्होंने अधिकारियों को दादरी व भिवानी में चकबंदी करवाने व वैल्युएशन सिस्टम को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसान मोर्चा के पदाधिकारी पूरे देश के किसी भी राज्य में कोई किसान हितैषी स्कीम चल रही है तो उसका आकलन करके लाएं। हम उसे भी अपने प्रदेश में लागू करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र मांढी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 71 हजार पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मरुस्थल का जहाज ऊंट स्मृति चिन्ह भेंट किया।

chat bot
आपका साथी