तिरंगा यात्रा के बीच दिल्ली पहुंचे हरियाणा के डिप्‍टी सीएम दुष्यंत चौटाला, भाजपा अध्यक्ष नड्डा और अनुराग ठाकुर से मिले

हरियाणा के उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला राज्य में भाजपा की तिरंगा यात्रा क बीच दिल्‍ली पहुंचे। उन्‍होंने भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की। दुष्‍यंत की इस यात्रा को सियासी नजरिये से महत्‍वपूर्ण माना जा रहा है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 08:40 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 08:40 AM (IST)
तिरंगा यात्रा के बीच दिल्ली पहुंचे हरियाणा के डिप्‍टी सीएम दुष्यंत चौटाला,  भाजपा अध्यक्ष नड्डा और अनुराग ठाकुर से मिले
भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, राज्‍य ब्‍यूराे। हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में निकल रही भाजपा की तिरंगा यात्रा के बीच डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला दिल्ली पहुंचे हैं। भाजपा सरकार में साझीदार जननायक जनता पार्टी के संरक्षक दुष्यंत चौटाला ने दिल्ली में पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। उसके बाद उनकी मुलाकात केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से हुई। समझा जाता है कि दुष्‍यंत चौटाला की यह मुलाकात राज्‍य मंत्रिमंडल में विस्‍तार को लेकर हुई है।

मनोहर मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही राजनीतिक नियुक्तियों पर भी चर्चा होने की संभावना

हरियाणा में भाजपा और जजपा के बीच राजनीतिक समझौता कराने में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अहम भूमिका निभाई थी। बताया जाता है कि दुष्यंत चौटाला अपने मित्र अनुराग ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनने की बधाई देने गए थे, लेकिन दोनों के बीच हरियाणा के राजनीतिक मसलों पर भी बातचीत हुई।

भाजपा व जजपा के बीच राजनीतिक गठजोड़ में अनुराग ठाकुर ने निभाई थी अहम भूमिका

हरियाणा में पिछले काफी समय से मंत्रिमंडल में बदलाव और विस्तार के साथ कुछ बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन नियुक्त किए जाने की अटकलें चल रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के लगातार दिल्ली दरबार में दस्तक देने के बाद इन अटकलों में तेजी आई, लेकिन पता चला कि सरकार अभी कम से कम दीपावली तक कैबिनेट में बदलाव या विस्तार के मूड में नहीं है। हरियाणा कैबिनेट में मंत्रियों के दो पद खाली हैं। एक मंत्री भाजपा और एक जजपा के कोटे से बनाया जाना है। कुछ मंत्रियों को बदला भी जाना है तो कुछ विधायकों को इसमें एडजेस्ट किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश और पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों पर भी हुई बातचीत

बताया जाता है कि दुष्यंत चौटाला पर अपनी पार्टी के विधायकों का बहुत अधिक दबाव है। विधायक चाहते हैं कि दो साल सरकार को होने वाले हैं, लेकिन उन्हें अभी तक न तो बोर्ड एवं निगमों में चेयरमैन बनाया गया है और न ही कैबिनेट में शामिल किया गया है। पंजाब और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव भी सिर पर हैं।

दुष्यंत चौटाला द्वारा भाजपा अध्यक्ष के साथ इन तमाम मसलों पर बातचीत किए जाने की सूचना आ रही है। दिल्ली का चुनाव भी भाजपा व जजपा ने मिलकर लड़ा था। ऐसे में भाजपा के साथ जजपा भी कुछ चुनींदा सीटों पर पंजाब व उत्तर प्रदेश में अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सूत्रों का कहना है कि दुष्यंत ने हरियाणा लोकसेवा आयोग में सदस्यों के पद घटाए जाने पर भी असहमति जाहिर की है।

दुष्यंत चौटाला पिछले सप्ताह भी केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले थे। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से भी दुष्यंत की हरियाणा के राजनीतिक मसलों पर लंबी मंत्रणा होने की खबर है।

बताया जाता है कि दुष्यंत चाहते हैं कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द से जल्द हो। हालांकि भाजपा हाईकमान अभी इस मूड में कम ही नजर आ रहा है। दुष्यंत ने पूछने पर कहा कि उनकी दिल्ली में सभी नेताओं से मुलाकात होती रहती है। सोमवार की मुलाकातें भी सामान्य मुलाकातें थी, लेकिन देश-प्रदेश के राजनीतिक हालात पर चर्चा जरूर हुई है।

chat bot
आपका साथी