सैलजा, हुड्डा, रणदीप, कुलदीप और कैप्टन राजस्थान में दिखाएंगे दम

हरियाणा के पांच कांग्रेस नेता राजस्‍थान के विधानसभा चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने इनको स्‍टार प्रचारकों में शामिल किया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Wed, 21 Nov 2018 09:43 AM (IST) Updated:Wed, 21 Nov 2018 09:43 AM (IST)
सैलजा, हुड्डा, रणदीप, कुलदीप और कैप्टन राजस्थान में दिखाएंगे दम
सैलजा, हुड्डा, रणदीप, कुलदीप और कैप्टन राजस्थान में दिखाएंगे दम

जेएनएन, चंडीगढ़। राजस्थान में 7 दिसंबर को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारक मैदान में उतार दिए हैैं। हरियाणा के पांच दिग्गज नेता भी राजस्थान चुनाव के स्टार प्रचारकों की 40 सदस्यीय सूची में शामिल हैैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हु्ड्डा भी इन नेताओं में शामिल हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य कुमारी सैलजा राजस्थान कांग्र्रेस की चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन हैैं। उनके अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस कोर कमेटी के सदस्य एवं विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला, आदमपुर से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई और पूर्व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव राजस्थान चुनाव में पार्टी का प्रचार करेंगे।

कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा के इन पांचों नेताओं की ड्यूटी राजस्थान के जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर लगाई है। हरियाणा के आधा दर्जन जिलों की सीमा राजस्थान के साथ लगती है। रणदीप सिंह सुरजेवाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसान नेता के साथ-साथ जाटों में अपनी मजबूत पकड़ रखते हैैं। सुरजेवाला को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का बेहद विश्वसनीय माना जाता है। वे प्रदेश में भी लगातार रैलियां कर रहे हैैं।

राजस्थान में बिश्नोई समाज के लोगों की खूब तादाद है। कुलदीप बिश्नोई के पिता पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल का राजस्थान में अच्छा प्रभाव था, जिसे कुलदीप ने भी बरकरार रखा है। बिश्नोई वोटों को कांग्रेस की तरफ खींचने के लिए पार्टी ने उन्हें राजस्थान के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के समधि कैप्टन अजय यादव का अपनी बिरादरी के साथ-साथ दक्षिण हरियाणा में अच्छा प्रभाव है। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नारनौल व गुरुग्राम की सीमा राजस्थान के साथ लगती है। वहां के लोगों के हरियाणा में रिश्तेदारियां भी हैैं। लिहाजा कैप्टन अजय इन रिश्तेदारी को वोट में तबदील करने के लिए मैदान में उतारे गए हैैं।

राजस्थान चुनाव से पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा हिसार जिले के बरवाला में 25 नवंबर को बड़ी रैली करने जा रहे हैैं। हुड्डा के सांसद पुत्र दीपेंद्र सिंह के अनुसार बरवाला रैली का असर राजस्थान के चुनाव पर भी पड़ेगा। बरवाला की रैली करने के बाद हुड्डा राजस्थान चले जाएंगे। वहां से लौटने के बाद फिर से रैलियों का दौर शुरू होगा।

chat bot
आपका साथी