हरियाणा के सीएम मनोहर लाल बोले- कोरोना राहत आपदा कोष में काफी राशि जमा, खर्च के लिए कमेटी गठित

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने लॉकडाउन के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर ई-बुक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने में भाजपा के कार्यकर्ताओं व सामाजिक संगठनों के लोगों ने पूरा सहयोग दिया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 21 Sep 2020 04:38 PM (IST) Updated:Mon, 21 Sep 2020 04:45 PM (IST)
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल बोले- कोरोना राहत आपदा कोष में काफी राशि जमा, खर्च के लिए कमेटी गठित
लॉकडाउन में उल्लेखनीय काम करने वाले कार्यकर्ताओं पर ई-बुक लांच करते सीएम मनोहर लाल, साथ हैं प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़।

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कोरोना आपदा से निपटने के लिए आमजन के साथ सामाजिक संगठनों ने सरकार का पूरा सहयोग किया। कोरोना आपदा कोष में सहायता राशि जमा कराने से लेकर गरीबों को राशन पहुंचाने में आमजन पीछे नहीं रहा। भाजपा कार्यकर्ता भी सेवा भाव के साथ हर मोर्चे पर डटे रहे। सेवा संकल्प के रूप में इसी उद्देश्य को लेकर भाजपा की ओर से सेवा ही संगठन ई-बुक तैयार की गई है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में सेवा ही संगठन ई-बुक का विमोचन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ मुख्यमंत्री ने इस ई-बुक का विमोचन किया, जो महामंत्री वेदपाल एडवोकेट की देखरेख में तैयार हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना राहत आपदा कोष में काफी राशि जमा हुई है, जिसे खर्च करने के लिए कमेटी गठित की गई है।

उन्होंने कहा कि कहीं पर किसी की सहायता से लेकर खाद्य सामग्री पहुंचाने तक का काम तुरंत किया जा रहा है। हर कार्यकर्ता में सेवा का संस्कार प्रबल हो, इसी उद्देश्य से ई-बुक की बनाई गई है, ताकि भविष्य में भी कार्यकर्ता हर समय सेवा के लिए तैयार रहें। ई-बुक में अच्छे संस्मरणों को जोड़ा जाएगा, जो एक यादगार के रूप में रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना से पूरे विश्व में भयावह स्थिति पैदा हो गई थी। लॉकडाउन से जहां उद्योग धंधे बंद हो गए थे, वहीं जिंदगी पूरी तरह ठहर गई थी। हर व्यक्ति चिंतित था कि वह घर कैसे जाए। लॉकडाउन से एकाएक सब कुछ बंद होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव सेवा की ओर से कदम बढ़ाया।

लॉकडाउन की अवधि के दौरान भाजपा की ओर से एक करोड़ 46 लाख से अधिक खाने के पैकेट और गांवों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को 13 लाख से अधिक सूखे राशन के पैकेट पहुंचाए गए। भाजपा सरकार ने आठ लाख प्रवासी मजदूरों को भी अपने घर सकुशल पहुंचाया। इसी अवधि के भीतर 21 लाख मास्क तथा 20 लाख सेनीटाइजर भी वितरित किए गए।

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा के करीब एक लाख कार्यकर्ताओं ने पीएमकेयर फंड में अपना योगदान किया। इसके साथ ही करीब 18 हजार युवाओं व स्वयं सेवकों को चिन्हित किया गया, जिन्होंने बुजुर्ग व बीमार लोगों की सहायता की। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने किया। इस अवसर प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ठ तथा प्रदेश प्रवक्ता रणदीप घनघस प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी