हरियाणा के सीएम मनोहर लाल बोले, केजरीवाल से हो गई है बात, दिल्ली को मिलेगी 140 टन आक्सीजन

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आक्सीजन के मुद्दे पर दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने उनसे बात की है। दिल्ली को 140 टन आक्सीजन आवंटित की गई है। इस मामले को अब सुलझा लिया गया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 04:17 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 04:21 PM (IST)
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल बोले, केजरीवाल से हो गई है बात, दिल्ली को मिलेगी 140 टन आक्सीजन
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल की फाइल फोटो।

चंडीगढ़ [जेएनएन/एएनआइ]। आक्सीजन की सप्लाई को लेकर दिल्ली तथा हरियाणा के बीच छिड़ा विवाद सुलझ गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीरवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ इस मुद्दे पर फोन से बातचीत की। इसके बाद हरियाणा के सीएम ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है।

आक्सीजन की सप्लाई को लेकर हरियाणा व दिल्ली के बीच पिछले तीन दिन से विवाद चल रहा है। बुधवार को हरियाणा केे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आरोप लगाया था कि हरियाणा से वाया दिल्ली होकर फरीदाबाद जा रहा आक्सीजन का एक टैंकर दिल्ली में लूट लिया गया, जिसमें से आक्सीजन निकाल ली गई। इसके बाद हरियाणा से सभी टैंकरों को पुलिस की सुरक्षा में गंतव्य तक भेजने तथा आक्सीजन उत्पादन कंपनियों के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया था।

इस बीच दिल्ली के एक अस्पताल के प्रबंधकों ने बृहस्पतिवार को ट्वीट कर कहा कि पानीपत रिफाइनरी में एक ट्रक आक्सीजन का खड़ा है जिसे दिल्ली नहीं आने दिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ने उस ट्रक को रोका हुआ है। इस ट्वीट के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ फोन पर बातचीत की। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच करीब दस मिनट बातचीत हुई। दिल्ली के सीएम ने बताया कि दिल्ली में आक्सीजन का उत्पादन नहीं होता है। दिल्ली में हरियाणा तथा अन्य राज्यों से आक्सीजन आती हैै।

इस पूरे विषय पर बातचीत के बाद हरियाणा के सीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर आक्सीजन टैंकर को दिल्ली भिजवाया। इस बीच पत्रकारों से बातचीत में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत में उनकी समस्या पूरी तरह से जायज थी। यह संकट का दौर है। इसमें हम जितनी भी किसी की मदद कर सकते हैं वह करनी चाहिए। सीएम ने कहा कि दिल्ली जाने वाले किसी भी टैंकर को अनावश्यक रूप से रोका नहीं जाएगा। दिल्ली सरकार भी दिल्ली से होकर फरीदाबाद व अन्य स्थानों पर जाने वाले टैंकरों को सहयोग करेगी। मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान में आक्सीजन की मांग को लेकर स्थिति सामान्य होती जा रही है। बहुत जल्द इस पर पूरी तरह से काबू पा लियाा जाएगा।

chat bot
आपका साथी