हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने किया 'समर्पण' व 'हुनर' एप लांच, स्वयं सेवकों व युवाओं को मिलेगा मंच

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हुनर व समर्पण एप लांच किया। हुनर एप का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षण देना व समर्पण एप का उद्देश्य युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करना है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 03:55 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 04:10 PM (IST)
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने किया 'समर्पण' व 'हुनर' एप लांच, स्वयं सेवकों व युवाओं को मिलेगा मंच
चंडीगढ़ में हुनर व समर्पण एप लांच करते सीएम मनोहर लाल।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर समर्पण पोर्टल लांच किया। इस पोर्टल का उद्देश्य ऐसे स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करना है जो समाज की सेवा करने के इच्छुक हैं और सामाजिक कार्यों के प्रति अपना समय और प्रयास समर्पित करके हरियाणा में सामाजिक उत्थान का एक अनिवार्य अंग बन सकते हैं।

पोर्टल लांच करने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से स्वेच्छा से काम करने वाले लोगों को जोड़ा जाएगा, जिसके बाद शिक्षा, कौशल विकास, खेल, कृषि आदि के क्षेत्र में युवाओं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों सहित स्वयं सेवकों की सेवाएं ली जाएंगी। 'समर्पण' पहल के माध्यम से दी जाने वाली स्वैच्छिक सेवाएं शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, किसान कल्याण, कौशल विकास जैसे सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों तथा प्रयासों के साथ जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि समर्पण ऐसे स्वयंसेवकों के लिए मंच प्रदान करता है, जो समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं। यदि कोई बच्चों की मदद करना चाहता है तो वह उन्हें पढ़ा सकता है। खेल या कौशल का प्रशिक्षण दे सकता है। यदि कोई महिलाओं के कल्याण के लिए काम करना चाहता है तो वह उन्हें पोषण, सशक्तिकरण अथवा सुरक्षा के बारे में जागरूक कर सकता है।

मनोहर लाल ने कहा कि स्वैच्छिक सेवाओं का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि ये व्यक्ति आधारित हैं और इस पहल के माध्यम से कोई स्वयं सेवी सुशासन के लक्ष्य को पूरा करने में सरकार और स्थानीय समुदाय की सहायता कर सकता है। उन्होंने कहा कि समर्पण कार्यक्रम का लक्ष्य समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए कुछ कर करने की इच्छा रखने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना है। 

'हुनर' एप भी किया लांच

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कौशल विकास मिशन द्वारा विकसित 'हुनर हरियाणा, उद्यम, नौकरी और रोजगार' एप भी लांच किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एप के माध्यम से हरियाणा कौशल विकास मिशन द्वारा उम्मीदवारों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा इस एप के माध्यम से हरियाणा के युवाओं को विभिन्न औद्योगिक, तकनीकी, व्यवसायिक और प्रतियोगी कोर्सेस का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस एप में कक्षा 6 से 12 तक स्कूल विद्यार्थियों का संपूर्ण पाठ्यक्रम उपलब्ध होगा तथा नई शिक्षा नीति-2020 के तहत कालेज व स्कूल के विद्यार्थी विभिन्न प्रोजेक्ट वर्क, वर्कशॉप, वेबिनार और इंटर्नशिप संबंधित सहायता भी प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हुनर एप हरियाणा के युवाओं के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

विदेश सहयोग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट लांच

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज विदेश सहयोग विभाग (एफसीडी) की आधिकारिक वेबसाइट http://www.fcd.haryana.gov.in का शुभारंभ किया। यह वेबसाइट विश्व में हरियाणा की पहचान बनाने के राज्य सरकार के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए एक अनूठा मंच है। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट प्रवासी हरियाणवियों को हरियाणा से पुनः जुड़ाव और नई संभावनाओं को खोजने का एक अविश्वसनीय अवसर प्रदान करती है। एफसीडी की वेबसाइट हरियाणा, हरियाणवी संस्कृति, हरियाणा में निवेश करने के सकारात्मक कारण, राज्य के निर्यात प्रदर्शन आदि के बारे में व्यापक जानकारी प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वेबसाइट की नई विशेषताओं में प्रवासी पंजीकरण फॉर्म, एक्सपोर्ट रजिस्ट्रेशन फॉर्म, बिजनेस इन्फॉर्मेशन फॉर्म, और निवेशकों एक्सपोर्ट गाइड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विदेश सहयोग विभाग भारत में किसी भी राज्य द्वारा स्थापित अपनी तरह का पहला विभाग है। एफसीडी गो ग्लोबल अप्रोच' के माध्यम से हरियाणा की वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के राज्य सरकार के दृष्टिकोण का प्रचार करता है।

chat bot
आपका साथी