हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बढ़ाई भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा संगठन की गतिविधियों में भागीदारी बढ़ा दी है। सीएम ने युवा मोर्चा व किसान मोर्चा के बाद अब महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ संवाद किया और कुछ जरूरी सुझाव दिए।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 06:58 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 06:58 PM (IST)
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बढ़ाई भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी
भाजपा महिला मोर्चा के संवाद कार्यक्रम में पहुंचे सीएम मनोहर लाल। फोटो- भाजपा के ट्विटर अकाउंट से

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार में रहते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी तेज कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अब संगठन के पदाधिकारियों से सीधे संवाद की प्रक्रिया शुरू की है। मुख्यमंत्री अभी तक भारतीय जनता युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर चुके हैं। संवाद की यह प्रक्रिया अगले कई दिनों तक चलते रहने की संभावना है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रांतीय पदाधिकारियों की घोषणा के बाद न केवल जिला अध्यक्षों के साथ संवाद किया, बल्कि प्रांत स्तर की अधिकतर बैठकों में मुख्यमंत्री मौजूद रहकर पदाधिकारियों को संगठन व सरकार के करीब लाने का काम कर रहे हैं। पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और पार्टी उम्मीदवारों के साथ भी मुख्यमंत्री का संवाद निरंतर चल रहा है। सामान्य तौर पर मुलाकात करने आने वाले पूर्व विधायकों और पूर्व मंत्रियों को उनके काम के बारे में पूछने से मुख्यमंत्री परहेज नहीं करते हैं।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने निवास पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ संवाद के दौरान उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री के समक्ष जब स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार माल की बिक्री संबंधी समस्या आई तो उन्होंने इसका समाधान सबसे पहले अपने घर से किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हाउस में अब कपड़े धोने व नहाने के लिए स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार साबुन-सर्फ का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा ऐसे तमाम उत्पाद हरहित स्टोर पर रखे जाएंगे। सात अक्टूबर को प्रदेश में 71 हरहित स्टोर की शुरुआत होने वाली है।

मुख्यमंत्री ने इन हरहित स्टोर खोलने में महिलाओं को महत्व देने की बात कही। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का परिचय मुख्यमंत्री से कराया। सुमित्रा चौहान संगठन की महिला नेता हैं। वह कांग्रेस में महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं, लेकिन भाजपा में आने के बाद उन्होंने हर किसी को साथ लेकर चलते हुए बहुत ही सुलझे हुए ढंग से संगठन खड़ा किया है। भाजपा कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लतिका शर्मा, प्रांतीय प्रभारी व पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन दहिया, महामंत्री मीना परमार, भाजपा प्रवक्ता रंजीता मेहता, सचिव अलीशा तोमर, ऐलनाबाद से टिकट की दावेदार निताशा सिहाग ने मुख्यमंत्री को शाल भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

chat bot
आपका साथी