हरियाणा के भूपेंद्र यादव, कृष्णपाल गुर्जर व सुनीता दुग्गल भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल, बीरेंद्र सिंह हुए बाहर

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव कृष्णपाल गुर्जर व सांसद सुनीता दुग्गल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि बीरेंद्र सिंह कार्यकारिणी से बाहर हो गए हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 07 Oct 2021 02:25 PM (IST) Updated:Thu, 07 Oct 2021 04:09 PM (IST)
हरियाणा के भूपेंद्र यादव, कृष्णपाल गुर्जर व सुनीता दुग्गल भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल, बीरेंद्र सिंह हुए बाहर
भूपेंद्र यादव, कृष्णपाल गुर्जर व सुनीता दुग्गल। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हरियाणा से केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव, केंद्रीय भारी उद्योग एवं ऊर्जा राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल को शामिल किया गया है। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी से हटा दिया गया है। बता दें, बीरेंद्र सिंह ने कुछ दिनों पहले इनेलो के साथ मंच साझा किया था। पिछली बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना भी थे। भड़ाना 2019 के लोकसभा चुनाव भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए गए भूपेंद्र यादव गुरुग्राम के गांव जमालपुर के रहने वाले हैं। यादव राजस्थान के अजमेर में पले बढ़े। यादव राज्यसभा सदस्य बनने से पहले आरएसएस में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता से केंद्रीय मंत्री तक के पद को प्राप्त किया। भूपेंद्र यादव गुरुग्राम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। 

वहीं, भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किए गए कृष्णपाल गुर्जर हरियाणा में पार्टी के कद्दावर नेता हैं। वह हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कृष्ण पाल गुर्जर फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं। वर्तमान में वह मोदी सरकार में मंत्री हैं। 

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल की गई सुनीता दुग्गल राजनीति में आने से पहले आयकर अधिकारी थीं। वह अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम में चेयरपर्सन थीं। सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुनीता दुग्गल टिकट मिलने से पहले सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने के बाद पार्टी में सक्रिय हो गई थी। कुछ समय में ही सुनीता दुग्गल ने पार्टी में अपनी पैठ बना दी। वर्ष 2019 में उन्हें सिरसा से लोकसभा टिकट दिया गया, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की। सुनीता दुग्गल केमिस्ट्री में एमएससी हैं। वह हरियाणा की एकमात्र महिला सांसद हैं। 

chat bot
आपका साथी