हरियाणा में जल संरक्षण की अलख जगाएंगी फेमिना मिस ग्रेंड इंडिया मनिका श्योकंद, सीएम ने बनाया गुडविल एंबेस्डर

हरियाणा सरकार ने फेमिना मिस ग्रेंड इंडिया-2021 मनिका श्योकंद को जल संरक्षण अभियान का गुडविल एंबेस्डर नियुक्त किया है। मनिका का कहना है कि वह मुफ्त में काम करेंगी। कहा वह किसान की बेटी हैं। जल संरक्षण का महत्व जानती हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 04:46 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 05:48 PM (IST)
हरियाणा में जल संरक्षण की अलख जगाएंगी फेमिना मिस ग्रेंड इंडिया मनिका श्योकंद, सीएम ने बनाया गुडविल एंबेस्डर
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के साथ मनिका श्योकंद।

राज्य ब्यूराे, चंडीगढ़। फेमिना मिस ग्रेंड इंडिया-2021 मनिका श्योकंद अब हरियाणा में जल संरक्षण की अलख जगाती नजर आएंगी। हरियाणा सरकार ने उन्हें जल संरक्षण अभियान के लिए गुडविल एंबेसडर नियुक्त किया है। मनिका इसके बदले कोई पैसा नहीं लेंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को हरियाणा निवास में मनिका को नियुक्ति पत्र सौंपा। केमिकल में इंजीनियर मनिका जींद के उचाना कलां की रहने वाली हैं।

हरियाणा सरकार ने मनिका को विगत फरवरी में ‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की थी। मनिका को नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना समय की मांग है। जल के बिना जीवन संभव नहीं है। जैसे समय को कीमती माना जाता है, उसी तरह जल भी बेहद कीमती है। नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का वादा करते हुए मनिका श्योकंद ने कहा कि वे किसान की बेटी हैं और जल संरक्षण के महत्व को समझती हैं। वह प्रदेश सरकार की जल संरक्षण की योजनाओं से बेहद प्रभावित हैं।

आज मुख्यमंत्री श्री @mlkhattar ने फेमिना मिस ग्रैंड इंडिया-2020 #ManikaSheokand को हरियाणा में ‘जल संरक्षण अभियान’ का गुडविल एंबेसडर नियुक्त किया। मनिका श्योकंद प्रदेश में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगी। pic.twitter.com/JMyebRtZ5d

— CMO Haryana (@cmohry) September 18, 2021

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अन्य विरासतों की तरह जल को भी एक विरासत के रूप में मानने की सोच ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है। उनकी इसी सोच से प्रभावित होकर उन्होंने इस नेक काम मे सहयोग करने के लिए एंबेसडर के रूप में काम करने का आफर दिया था। जल संरक्षण अभियान का गुडविल एंबेसडर नियुक्त किया जाना उनके लिए गर्व का विषय है। वह हमेशा से पर्यावरण संरक्षण की समर्थक रही हैं। जल संरक्षण अभियान के लिए ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार। कार्यक्रम में मनिका के माता-पिता ने भी अपनी बात रखी। इस दौरान सीएम के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण की चेयरपर्सन केशनी आनंद अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल, उप प्रधान सचिव आशिमा बराड़, सिंचार्ई विभाग के इंजीनियर इन चीफ सतबीर कादियान मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी