बेटे बृजेंद्र सिंह को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल कराने की जुगत भिड़ा रहे पिता बीरेंद्र सिंह, हिसार से हैं सांसद

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह अपने सांसद पुत्र बृजेंद्र सिंह को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल कराने की जुगत बैठा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे इसके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर चुके हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 01:04 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 07:32 AM (IST)
बेटे बृजेंद्र सिंह को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल कराने की जुगत भिड़ा रहे पिता बीरेंद्र सिंह, हिसार से हैं सांसद
बेटे बृजेंद्र सिंह के साथ पिता बीरेंद्र सिंह। फाइल फोटो

नई दिल्ली [बिजेंद्र बंसल]। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा मंत्रिमंडल में फिलहाल फेरबदल की संभावना से इन्कार कर दिया है, लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में राज्य सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल के कयास अभी भी लगाए जा रहे हैं। अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह अपने सांसद पुत्र बृजेंद्र सिंह को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल कराने की जुगत बैठा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वे इसके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर चुके हैं। मोदी मंत्रिमंडल में अभी तीन मंत्री हरियाणा से हैं। इनमें गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री हैं। फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर और अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया भी राज्यमंत्री हैं। मोदी सरकार पार्ट-एक में भी हरियाणा से तीन मंत्री थे। इनमें राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर के अलावा तब बीरेंद्र सिंह भी शामिल थे।

2019 में लोकसभा चुनाव से पहले बीरेंद्र सिंह ने अपने इस्तीफा दे दिया था। बीरेंद्र सिंह ने इस्तीफा अपने आइएएस पुत्र बृजेंद्र सिंह के राजनीतिक प्रवेश के लिए दिया था। 19 साल तक आइएएस की नौकरी करने के बाद 2019 में राजनीति में आए बृजेंद्र हिसार से भाजपा टिकट पर सांसद भी बन गए। हालांकि मोदी मंत्रिमंडल पार्ट-दो गठित हुआ तो कटारिया राज्यमंत्री बना दिए गए, इसलिए यह माना गया कि हरियाणा से केंद्र में तीन मंत्रियों का कोटा तय है।

राव, गुर्जर और कटारिया तीनों ही राज्य में पार्टी के तीन छोर के क्षत्रप हैं। इनमें से किसी एक को हटाए बिना बृजेंद्र कैसे मंत्री बनाए जाएंगे, यह राजनीतिक गणित तो बीरेंद्र सिंह के पास ही है। बीरेंद्र सिंह का तर्क है कि वे और उनके पुत्र अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव में पार्टी के लिए काफी कारगर साबित हो सकते हैं।

तीन कृषि सुधार कानूनों को सही मानते हैं बृजेंद्र सिंह

सांसद बृजेंद्र सिंह तीन कृषि सुधार कानूनों को सही मानते हैं। इन कानून का जब विरोध शुरू हुआ तो बृजेंद्र हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा गठित तीन सांसदों की कमेटी में शामिल थे। बृजेंद्र तब से अब तक कृषि सुधार कानूनों को किसानों के हित में मान रहे हैं। हालांकि बृजेंद्र सिंह के पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह किसानों का आंदोलन खत्म करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिख चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी