हरियाणा में विवेक बंसल और सैलजा के प्रदर्शन पर टिकी निगाहें, भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आना संदिग्ध

हरियाणा कांग्रेस कमेटी की ओर से एचपीएससी मुख्यालय पर मगलवार को कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। सभी विधायकों को इसकी लिखित सूचना भेजी जा चुकी है। कांग्रेस मुख्यालय से फोन भी किए गए हैं। इस सबके बावजूद भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आने पर संदेह है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 05:15 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 05:16 PM (IST)
हरियाणा में विवेक बंसल और सैलजा के प्रदर्शन पर टिकी निगाहें, भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आना संदिग्ध
भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कुमारी सैलजा की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में युवक कांग्रेस के बाद अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी मंगलवार को अपनी ताकत दिखाएगी। पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल के नेतृत्व में पंचकूला में प्रदर्शन किया जाएगा। हरियाणा लोकसेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्तियों में कथित गड़बड़ी के विरोध में यह प्रदर्शन होगा।

इसी मुद्दे पर युवक कांग्रेस तीन दिसंबर को ही राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर चुकी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मंगलवार को होने वाले प्रदर्शन के बाद अगले दिन बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। 19 दिसंबर को युवक कांग्रेस के बैनर तले सांसद दीपेंद्र हुड्डा सोनीपत में जन आक्रोश रैली करने जा रहे हैं। मंगलवार को होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के सभी सहयोगी संगठनों को भी बुलाया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पार्टी के तमाम विधायकों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से न केवल पत्र भेजे गए हैं, बल्कि फोन भी किए गए हैं। प्रदर्शन में शामिल होने से बचने के लिए ताकि कोई कांग्रेस विधायक यह न कह सके कि उसे न तो सूचना दी गई और न ही बुलाया गया। हरियाणा कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने अपनी टीम से यह फोन कराए हैं, जबकि कुछ फोन उन्होंने खुद भी किए हैं।

ऐसे में अब यह देखना रोचक रहेगा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे के विधायकों व नेताओं में से कितने इस प्रदर्शन में शामिल होते हैं। इस प्रदर्शन के दौरान हुड्डा विरोधी खेमे के नेताओं के एक प्लेटफार्म पर नजर आने की प्रबल संभावना है। पूर्व मंत्री एवं तोशाम विधायक किरण चौधरी चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं। वे मंगलवार के आयोजन में भाग लेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और विवेक बंसल के नई दिल्ली से एक साथ आने की संभावना है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा पूर्व वित्त व सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। हुड्डा के इस प्रदर्शन में भाग लेने की संभावना नजर नहीं आ रही है। कुलदीप बिश्नोई भी इस प्रदर्शन से कन्नी काट सकते हैं। वह कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भी शायद ही भाग लें। कालका के विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई तथा पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर ने सोमवार को पंचकूला पहुंचकर मंगलवार को होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों का जायजा लिया। आपसी गुटबाजी के चलते ही पिछले साढ़े सात साल से राज्य में संगठन का गठन तक नहीं हो पाया है। ऐलनाबाद उपचुनाव के नतीजों के बाद यह गुटबाजी कम होने की बजाय बढ़ी है।

chat bot
आपका साथी