सेवा में देरी पर पंचकूला, गुरुग्राम व फरीदाबाद के संपदा अधिकारी तलब, पढ़ें हरियाणा की और भी खबरें

फरीदाबाद गुरुग्राम व फरीदाबाद के संपदा अधिकारियों को हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग द्वारा तलब किया गया है। इन संपदा अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में नागरिक सेवाएं न दे पाने के कारण तलब करते हुए दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 01:21 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 01:26 PM (IST)
सेवा में देरी पर पंचकूला, गुरुग्राम व फरीदाबाद के संपदा अधिकारी तलब, पढ़ें हरियाणा की और भी खबरें
हरियाणा सेवा अधिकार आयोग ने तीन संपदा अधिकारियों को तलब किया। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग ने पंचकूला, गुरुग्राम तथा फरीदाबाद के संपदा अधिकारियों (Estate Officer) को निर्धारित समय सीमा में नागरिक सेवाएं न दे पाने के कारण तलब करते हुए दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।

आयोग की सचिव मीनाक्षी राज ने बताया कि मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता ने तीन जिलों के चार संपदा अधिकारियों को आठ एवं नौ जुलाई को आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से अथवा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश होने का नोटिस जारी किया है। इन सभी अधिकारियों से लंबित सेवाओं से संबंधित रिकार्ड भी मांगा गया है। गौरतलब है कि सरकारी विभागों में से यदि कोई महकमा समयबद्ध सेवाएं देने में अक्षम है तो आयोग ऐसे विभाग को स्वत: संज्ञान लेकर नोटिस जारी कर सकता है।

सुधा भारद्वाज बनीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष

हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रधान सुधा भारद्वाज अब महिला मोर्चा की नई अध्यक्ष होंगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पंचकूला निवासी सुधा भारद्वाज को महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। सुधा भारद्वाज की गिनती महिला कांग्रेस की तेज-तर्रार नेत्रियों में की जाती है।-

एक लाख एकड़ भूमि पर बाजरे की जगह दलहन और तिलहन की बिजाई का लक्ष्य

हरियाणा सरकार ने मौजूदा खरीफ सीजन में एक लाख एकड़ भूमि पर बाजरे की बजाय दलहन तथा तिलहन फसलों की बुवाई का लक्ष्य रखा है। इसमें से 70 हजार एकड़ में दलहनी फसलों (मूंग, अरहर) तथा 30 हजार एकड़ में तिलहनी फसलों (अरंड, मूंगफली) की बिजाई की जाएगी। उक्त फसलों के पंजीकरण के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर 31 जुलाई तक पंजीकरण करा सकते हैं। बाजरे से तौबा करने वाले किसानों को चार हजार रुपये प्रति एकड़ की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

26 जून को मनेगा नशा विरोधी दिवस

हरियाणा सरकार द्वारा 26 जून को नशीली दवाओं के सेवन और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाएगा। इस दिन युवाओं को आनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी