चौ. देवी लाल की जयंती पर 25 को जींद में जुटेंगे आठ बड़े नेता, इनेलो कैडर में नई जान फूंकेंगे चौटाला

चौधरी देवी लाल की जयंती पर 25 सितंबर को जींद में सम्मान रैली आयोजित की जा रही है। रैली में ओम प्रकाश चौटाला आठ राष्ट्रीय नेताओं के साथ इनेलो में नई जान फूंकने के साथ-साथ तीसरे मोर्चे के ऐलान की रूपरेखा भी तैयार करेंगे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 08:23 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 08:23 AM (IST)
चौ. देवी लाल की जयंती पर 25 को जींद में जुटेंगे आठ बड़े नेता, इनेलो कैडर में नई जान फूंकेंगे चौटाला
पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल का जयंती समारोह 25 सितंबर को जींद में होगा। इस मौके पर आयोजित होने वाली सम्मान दिवस रैली में तीसरे मोर्चे के ऐलान की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को छोड़कर अधिकतर नेता इस रैली में इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला का मंच साझा करेंगे। नीतीश कुमार भले ही स्वयं इस रैली में नहीं आ पा रहे हैं, लेकिन अपने प्रतिनिधि के रूप में जनता दल (यू) के प्रधान महासचिव केसी त्यागी को जींद भेज रहे हैं। आठ बड़े नेताओं के साथ चौटाला अपनी भविष्य की राजनीति के पत्ते खोलेंगे।

जेबीटी शिक्षक भर्ती मामले में सजा पूरी कर हरियाणा लौटे इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला की यह ऐसी पहली रैली होगी, जिसमें समस्त कार्यकर्ता उनके राजनीतिक संदेश को सुन सकेंगे। जेल से रिहा होते ही चौटाला तीसरे मोर्चे के गठन की तैयारियों में जुट गए थे। इसके लिए वह भाजपा विरोधी दलों के नेताओं से मिले और उनके साथ तीसरे मोर्चे पर बातचीत करते हुए 25 सितंबर की जींद रैली का निमंत्रण दिया। यह रैली इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनेलो से अलग होने के बाद जननायक जनता पार्टी ने जींद में ही रैली करते हुए अपनी पार्टी का नामकरण किया था। इस रैली के जरिये इनेलो न केवल अपने पुराने व कैडर बेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करेगी, बल्कि प्रदेश में राजनीतिक दमखम भी दिखाएगी।

इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने दावा किया है कि जननायक चौधरी देवी लाल के 108वें जन्मदिवस पर जींद में होने वाली ‘सम्मान दिवस’ रैली ऐतिहासिक होगी। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला इस रैली के मुख्य वक्ता होंगे, जो लंबे समय बाद प्रदेश की जनता से रू-ब-रू होंगे। रैली में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, टीएमसी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, जनता दल (यू) के प्रधान महासचिव केसी त्यागी और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी मुख्य रूप से शिरकत करेंगे।

अभय चौटाला ने दावा किया कि जींद रैली प्रदेश की राजनीति में नए आयाम स्थापित करेगी। इनेलो ने किसानों के हितों को हमेशा सर्वोपरि रखा है। इस दौरान किसानों को मजबूती देने के लिए दूसरे राजनीतिक दलों को छोड़कर लोग इनेलो में शामिल होंगे। विपक्षी दल कांग्रेस सरकार के घोटालों और भ्रष्टाचार को विधानसभा में उठाने की बजाय भाजपा का साथ दे रही है। इसे भी रैली में बेनकाब किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी