जोगिया सब जानता है: चिंता न करो मनोहर लाल जी, बने रहोगे शाह, पढ़ें हरियाणा की और भी रोचक खबरें

गुजरात के नए सीएम भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ विमान से पहुंचे। समर्थक इसके मायने अपने हिसाब से निकाल रहे हैं। पढ़ें जोगिया सब जानता है कालम में हरियाणा की और भी खबरें...

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 01:52 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 01:54 PM (IST)
जोगिया सब जानता है: चिंता न करो मनोहर लाल जी, बने रहोगे शाह, पढ़ें हरियाणा की और भी रोचक खबरें
गुजरात के नए सीएम भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में अमित शाह के साथ पहुंचे मनोहर लाल।

बिजेंद्र बंसल, नई दिल्ली। गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ हवाई जहाज में पहुंचे। इसके बाद मनोहर पर शाही मेहरबानी की चर्चा दिल्ली से चंडीगढ़ तक होने लगी। जो भी हो, मुख्यमंत्री मनोहर लाल को शाह द्वारा अपने साथ विमान में ले जाने से मनोहर लाल समर्थक गद्गद् हैं तो मनोहर लाल भी गांधीनगर की शाही यात्रा से प्रफुल्लित हैं। होना भी चाहिए, जब कुछ ही महीनों में तीन प्रदेशों में चार मुख्यमंत्री बदल दिए गए हों, ऐसे मौसम में शाही साथ सुकून तो देगा ही। हालांक वह अपनी प्रसन्नता सार्वजनिक नहीं करते, लेकिन समर्थकों का क्या, उन पर ऐसा कोई प्रतिबंध थोड़े न है। वे तो दिल की बात कहेंगे ही। एक मुख्यमंत्री समर्थक ने जोगिया से ब्रेकिंग न्यूज देने के अंदाज में कहा- शाह जी बोले हैं। मनोहर लाल जी, आप बिलकुल चिंता न करो। हरियाणा के शाह आप ही बने रहेंगे।

कैप्टन के बोल ने खोल दी उनकी पोल

कृषि सुधार कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन के पीछे कांग्रेस का हाथ है। आंदोलन की शुरुआत से ही भाजपा के नेता यह दावा कर रहे हैं। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज आरोप लगाते हैं कि आंदोलनकारी कैप्टन अमरिंदर के षड्यंयंत्र के तहत हरियाणा का अहित कर रहे हैं। पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे सुनील जाखड़ ने कहा था कि आंदोलनकारियों को हरियाणा शिफ्ट करना कैप्टन अमरिंदर की बड़ी सफलता है। अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सार्वजनिक रूप से आंदोलनकारियों से अपील कर दी है कि वे हरियाणा, दिल्ली में जाकर आंदोलन करें। यहां आंदोलन करेंगे तो पंजाब को ही नुकसान होगा। पंजाब का आर्थिक विकास रुक जाएगा। वैसे कैप्टन के इस बयान से अब हरियाणा के वे लोग भी खफा हो गए हैं, जो आंदोलनकारियों के प्रति सहानुभूति रखते हैं। अब वे भी कहने लगे हैं कि अनिल विज का आरोप ठीक है।

पुलिसिया कल्चर में रंग गए जोगेंद्र शर्मा

जोगेंद्र शर्मा। याद तो होंगे ही । पहले टी ट्वेंटी में पाकिस्तान के अंतिम बैट्समैन का विकेट लेने वाले। भारत विश्वविजेता बन गया था और अपने रोहतक वाले शर्मा जी सेलिब्रिटी। हरियाणा सरकार ने उनके शानदार प्रदर्शन से खुश होकर उन्हेंं पुलिस उपाधीक्षक बना दिया था। अभी वह हिसार में तैनात हैं। कोरोना संक्रमण के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभाई। वैसे ड्यूटी तो वह पूरी निष्ठा से करते हैं, लेकिन पुलिस अफसर हैं तो पुलिसिया कल्चर में रंगना मजबूरी है। अभी सप्ताह भर पहले की घटना है। एक लूट हुई। उसके लिए शर्मा जी ने दलील दी कि सीसीटीवी फुटेज में बदमाश पीड़ित के बैग की तलाशी लेते हैं और रकम निकाल लेते हैं। इसमें जबरदस्ती नहीं है, सो यह लूट नहीं। जोगिया पूछना चाहता है कि पेसर यदि स्पिन फेंककर बल्लेबाज को आउट कर दे तो क्या वह आउट नहीं माना जाएगा, क्योंकि उसने पेसर होकर स्पिन फेंकी।

बेटी भी कमतर नहीं

इस समय दो विभूतियां टाकिंग प्वाइंट हैं। जींद के चौधरी दीनबंधु छोटूराम और हाथरस के राजा महेंद्र प्रताप सिंह। दोनों जाट समुदाय के थे। जींद जाट बहुल जिला भी है। चौधरी छोटू राम और महेंद्र प्रताप सिंह में दो समानताएं है। दीनबंधु 24 नवंबर 1881 को पैदा हुए थे और राजा महेंद्र प्रताप सिंह एक दिसंबर 1886 को। मतलब यह कि दोनों समकालीन थे और चौधरी छोटूराम जाट राजा से पांच वर्ष बड़े थे। दूसरी समानता यह है कि चौधरी छोटूराम जींद के बेटे थे तो जाट राजा दामाद थे, यानी उनकी पत्नी जींद की बेटी थीं। जींद के बेटे छोटूराम ने किसानों-मजदूरों के लिए संघर्ष किया और जींद की बेटी के पति जब विदेश में रहकर आजादी की अलख जला रहे थे तो उनको अंग्रेजों ने बहुत कष्ट दिए। जाट राजा के साथ जींद की बेटी बलबीर कौर की भी चर्चा होनी चाहिए, जो न झुकीं और न टूटीं।

chat bot
आपका साथी