निगम के ठेकेदार कमरों में बैठकर बोलते हैं अभद्र शब्द

नगर निगम पंचकूला की ओर से महिला सशक्तिकरण पर एक कार्यक्रम सेक्टर-12ए के सामुदायिक केंद्र में किया गया। इसमें समाजसेविका पैम राजपूत बतौर मुख्य वक्ता पहुंचीं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Nov 2019 07:36 PM (IST) Updated:Mon, 18 Nov 2019 06:17 AM (IST)
निगम के ठेकेदार कमरों में बैठकर बोलते हैं अभद्र शब्द
निगम के ठेकेदार कमरों में बैठकर बोलते हैं अभद्र शब्द

जागरण संवाददाता, पंचकूला : नगर निगम पंचकूला की ओर से महिला सशक्तिकरण पर एक कार्यक्रम सेक्टर-12ए के सामुदायिक केंद्र में किया गया। इसमें समाजसेविका पैम राजपूत बतौर मुख्य वक्ता पहुंचीं। इसके बाद प्रो. मनविद्र कौर, प्रो. उमेर सुल्ताना, डॉ. सीमा ठाकुर ने भी महिलाओं को जागरूक किया। नगर निगम के प्रशासक राजेश जोगपाल और कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह ने पैम राजपूत और अन्य वक्ताओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों ने अपने साथ होने वाली रोजाना की घटनाओं और समाज में किस तरह से बदलाव लाया जाना चाहिए, विषय पर विचार रखे। पैम राजपूत द्वारा दो महिलाओं की जोड़ी बनाई गई, जिसमें एक पढ़ी-लिखी और एक अनपढ़ महिला थी। जिन्होंने पहले एक-दूसरे को अपने अनुभव बताए और उसके बाद पढ़ी-लिखी महिला ने दूसरी महिला के साथ हुए दु‌र्व्यवहार एवं अन्य घटनाओं के बारे में सभी को बताया। महिलाओं ने पहले अपना नाम बताया और उसके बाद अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान नगर निगम में कार्यरत एक भाई-बहन ने भी अपना किस्सा जाहिर किया, जिसमें एक बहन ने बताया कि कार्यालय में उसके भाई को यह बात बिल्कुल अच्छी नहीं लगती कि मेरे सामने कोई डबल मीनिग बात करे। एक महिला कर्मचारी ने कहा कि वह ऑफिस में डाटा एंट्री ऑपरेटर का काम करती है और नगर निगम में आने वाले ठेकेदार अलग-अलग कमरों में बैठते हैं और आपस में अभद्र भाषा प्रयोग करते हैं। वह इस बात का भी ध्यान नहीं रखते कि कोई महिला कार्यालय में बैठी है। वहीं एक कर्मचारी ने बताया कि कई बार अधिकारी उन पर काम के लिए दबाव बनाते हैं और काम करने के लिए समय भी नहीं देते।

एक सफाई कर्मचारी महिला ने बताया कि एक बार एक पुरुष महिला शौचालय में घुस गया था, जिसके बाद उस सफाई कर्मचारी ने सबक सिखाने के लिए पुरुष को अंदर ही बंद कर दिया और काफी देर बाद कुंडी खोली तो पुरुष ने बाहर आकर माफी मांगी। महिला कर्मचारियों ने माह में एक शनिवार को छुट्टी की भी आवाज उठाई, ताकि वह अपने घर के जरूरी काम कर सकें।

प्रशासक राजेश जोगपाल ने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाले शोषण के लिए निगम में एक कमेटी बनाई है, जोकि शिकायतों का निपटारा करती है। जो शिकायतें महिलाएं सार्वजनिक कर रही है, उन पर भी गंभीरता से काम होगा।

chat bot
आपका साथी