सात दिसंबर को हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय का घेराव करेंगे कांग्रेसी, नौकरियों में भ्रष्टाचार का आरोप

नौकरियों में भ्रष्टाचार को शह देने के आरोप को लेकर हरियाणा कांग्रेस 7 दिसंबर को हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय का घेराव करेगी। विवेक बंसल और कुमारी सैलजा प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। इसमें हुड्डा के शामिल होने की संभावना नहीं है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 01:53 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 01:53 PM (IST)
सात दिसंबर को हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय का घेराव करेंगे कांग्रेसी, नौकरियों में भ्रष्टाचार का आरोप
सात दिसंबर को हरियाणा लोक सेवा आयोग का घेराव करेंगे कांग्रेसी। सांकेतिक फोटो

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार पर नौकरियां नीलाम करने और भ्रष्टाचार को शह देने का आरोप लगाते हुए सात दिसंबर को हरियाणा लोक सेवा आयोग (Haryana Public Service Commission) के कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल और प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन होगा।

सबसे पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय का घेराव कर तथा गोमूत्र से उसे पवित्र कर अपना विरोध प्रदर्शन किया था। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला भी एक के बाद एक प्रेस कान्फ्रेंस के जरिए नौकरियों में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा चुके हैं।

नवीन जयहिंद ने कांग्रेस व इनेलो पर आरोप लगाते हुए कहा था कि प्रमुख विपक्षी दल होने के बावजूद विपक्षी नेताओं की चुप्पी संदेह पैदा करती है, जिसके बाद अब हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके विधायकों के शामिल होने पर संदेह है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के इंचार्ज एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर ने बताया कि पार्टी प्रभारी विवेक बंसल के नेतृत्व में होने वाले प्रदर्शन में पार्टी के तमाम नेताओं, हरियाणा महिला कांग्रेस, हरियाणा युवा कांग्रेस, हरियाणा इंटक, हरियाणा कांग्रेस सेवादल, लीगल विभाग, ओबीसी विभाग तथा राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के साथ-साथ कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व सदस्य कार्यकर्ताओं से भाग लेने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि एचपीएससी को सरकारी भर्तियों के लिए कम और घोटालों व पेपर लीक के लिए ज्यादा जाना जा रहा है। इसके विरोध में पार्टी ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। सात दिसंबर को हरियाणा लोक सेवा आयोग का घेराव करेंगे। बता दें, हरियाणा में पेपर लीक व अन्य मामलों को लेकर कई परिक्षाओं को स्थगित करना पड़ा है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ इस मुद्दे को लपकना चाहती है। 

chat bot
आपका साथी