महिला आरक्षण पर यूपी से अलग है हरियाणा में कांग्रेस की रणनीति, पंचायतों में 50% रिजर्वेशन पर सहमत नहीं

Congress Women Reservation कांग्रेस की महिलाओं को चुनावों में आरक्षण पर हरियाणा में उत्‍तर प्रदेश से अलग नीति है। उत्‍तर प्रदेश में प्रियंका गांधी ने 40 फीसद टिकट महिलाओं को देने की बात कही है लेकिन हरियाणा में पार्टी की नीति इसके विपरीत रही हैै।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 02:40 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:18 AM (IST)
महिला आरक्षण पर यूपी से अलग है हरियाणा में कांग्रेस की रणनीति, पंचायतों में 50% रिजर्वेशन पर सहमत नहीं
हरियाणा कांग्रेस अध्‍यक्ष कुमारी सैलजा और प्रियंका गांधी वाड्रा। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Women Reservation in Comgress: उत्‍तर प्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 फीसद टिकट देने की घोषणा कर सियासी हलचल पैदा कर दी है। लेकिन, हरियाणा में चुनावों में महिलाओं को टिकट पर कांग्रेस की नीति अलग ही नजर आती है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बहुत कम महिलाओं को टिकट दिया है तो पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण देने के प्रदेश सरकार के फैसले से वह सहमत नहीं है।

यूपी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 40 फीसद टिकट महिलाओं को देने की है घोषणा    

दरआल, महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की घोषणा से हरियाणा में पार्टी की रणनीति एकदम अलग है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चुनाव के मद्देनजर बेशक महिलाओं को 40 फीसद आरक्षण दिए जाने की घोषणा की है मगर हरियाणा में उसकी नीति अलग हैै।  इससे पहले कांग्रेस महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरती रही है। हरियाणा में भाजपा-जजपा सरकार ने इस बार पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण दिए जाने का निर्णय लिया है मगर इसको राज्य में कानून के अलावा कांग्रेस से राजनीतिक चुनौती भी मिल रही है।

हरियाणा में पंचायतों में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण के सरकारी निर्णय से बनाई हुई है दूरी

कांग्रेस नेताओं की इस रणनीति से अलग राज्य महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लिए गए निर्णय से उत्साहित हैं। हरियाणा में पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण दिए जाने का मामला अभी हाईकोर्ट में विचाराधीन है मगर अब यह माना जा रहा है कि कांग्रेस राज्य में भाजपा-जजपा गठबंधन के निर्णय का नैतिक आधार पर विरोध नहीं कर सकेगी।

2019 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने 90 में से सिर्फ 10 महिलाओं को बनाया था उम्मीदवार

अब तक हरियाणा में कांग्रेस का इतिहास रहा है कि 90 में से कभी 12 से ज्यादा महिलाओं को उम्मीदवार नहीं बनाया। 2019 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने 90 में से 10 सीटों पर महिला उम्मीदवार दिए थे। इनमें से भी पांच सुरक्षित सीट पर महिलाओं को टिकट दिए थे। कांग्रेस यदि पुरुषवादी दृष्टिकोण से बाहर निकलेगी तो यह राज्य कांग्रेस के बड़े और दिग्गज नेताओं के लिए बड़ी चुनौती रहेगी। दिग्गजों को महिला उम्मीदवार ढूंढनी होंगी।

------------

'' भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने पंचायत चुनाव में 50 फीसद महिला आरक्षण देने का निर्णय काफी सोच-समझकर किया है। इसमें सरकार को तकनीकी दृष्टिकोण से कुछ कानूनी स्पष्टीकरण देने हैं, इसके बाद सरकार 50 फीसद महिला आरक्षण के साथ ही पंचायत चुनाव कराएगी।

                                                                                    - दुष्यंत चौटाला, उप मुख्यमंत्री, हरियाणा। 

---------

2019 के विधानसभा चुनाव में जिन 10 क्षेत्रों से कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार मैदान में उतारे

विधानसभा क्षेत्र-                    उम्मीदवार का नाम

कलानौर (सुरक्षित)-                  शकुंतला खटक

झज्जर(सुरक्षित)-                      गीता भुक्कल

सढौरा(सुरक्षित)-                       रेणू बाला

उकलाना (सुरक्षित)-                  बाला देवी

नरवाना(सुरक्षित)-                     विद्या रानी

यमुनानगर-                             निर्मल चौहान

नारायणगढ़-                           शैली चौधरी

इंद्री-                                    डा. नवजोत कश्यप

अंबाला कैंट-                         वेणू सिंगला

तोशाम-                               किरण चौधरी। 

chat bot
आपका साथी