विदेश में फंसे करनाल के विशाल जूड और विनोद बेनीवाल की रिहाई के लिए सीएम संग सक्रिय हुए भाजपा सांसद

हरियाणा के करनाल के विशाल जूड और पानीपत के विनोद बेनीवाल विदेश में फंसे हैं। दोनों की रिहाई के लिए हरियाणा के सीएम मनोहरलाल और राज्‍य से भाजपा के सांसद सक्रिय हो गए हैं। इसके लिए उन्‍होंने विदेश मंत्रालय पर दबाव बनाया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 07:31 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 07:54 AM (IST)
विदेश में फंसे करनाल के विशाल जूड और विनोद बेनीवाल की रिहाई के लिए सीएम संग सक्रिय हुए भाजपा सांसद
विदेश मंत्री जयशंकर को ज्ञापन देते हुए भाजपा सांसद संजय भाटिया और नायब सिंह सैनी। (स्रोत हरियाणा डीपीआर)

चंडीगढ,जेएनएन। आस्ट्रेलिया की जेल में बंद करनाल के युवक विशाल जूड की तत्काल रिहाई के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा सांसदों संजय भाटिया व नायब सिंह सैनी ने विदेश मंत्रालय पर दबाव बनाया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से बात कर मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की गुजारिश की। इस पर विदेश मंत्री ने आस्ट्रेलियाई दूतावास को भारत की चिंता से अवगत कराया और मुख्यमंत्री विश्वास दिलाया कि विशाल जूड जल्द ही आस्ट्रेलिया की जेल से रिहा हो जाएगा। इसके साथ ही मोजाम्बिक में आतंकियों के चंगुल में फंसे पानीपत के विनोद बेनीवाल की रिहाई के लिए सीएम और भाजपा सांसद सक्रिय हैं।

सीएम ने विदेश मंत्री से बात कर जूड के मामले में हस्तक्षेप करने का किया अनुरोध, जल्द हो सकती है रिहाई

करनाल के भाजपा सांसद संजय भाटिया और कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने विदेश मंत्री से मुलाकात कर विशाल जूड के साथ ही पानीपत के विनोद बेनीवाल का मुद्दा उठाया जिसे आतंकियों ने अफ्रीकी देश माेजाम्बिक में अगवा कर रखा है। सांसदों को विदेश में फंसे हरियाणा के दोनों युवाओं की रिहाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि हम 16 जून से युवाओं को देश में वापस लाने के लिए प्रयासरत हैं।

उन्‍होंने बताया कि विशाल मधुमेह से ग्रस्त है और उसकी दवा का इंतजाम करा दिया गया है। विनोद के मामले में उन्होंने कहा कि यह मामला अभी संवेदनशील है। उसकी सुरक्षा के मद्देनजर इस मसले पर चर्चा या डिटेल साझा करना ठीक नहीं। उसे वापस लाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।

विशाल जूड ने सिडनी में लड़ी तिरंगे के सम्मान की लड़ाई

विशाल जूड ने सिडनी में तिरंगे के सम्मान के लिए देश विरोधी ताकतों से डटकर लड़ाई लड़ी और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान नहीं होने दिया। विशाल के समर्थन में आस्ट्रेलिया में काफी प्रदर्शन हो रहे हैं। विशाल के समर्थकों का दावा है कि देश विरोधी कुछ ताकतों ने उससे मारपीट की और बाद में आस्ट्रेलिया सरकार से मिलकर झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया।

 माेजाम्बिक में तीन महीने से आतंकियों के कब्जे में हैं विनोद

पानीपत के समालखा के रहने वाले विनोद बेनीवाल को अफ्रीकी देश मोजाम्बिक के पालमा शहर से आतंकवादी संगठन ने 24 मार्च को अगवा किया था। आतंकी संगठन ने कुल तीन भारतीय कर्मचारियों को अगवा किया जिनमें से एक आतंकियों ने फिरौती लेकर छोड़ दिया और एक कर्मचारी की हत्या कर दी। विनोद बेनीवाल की पत्नी सीमा देवी के मुताबिक आतंकियों ने विनोद को छोड़ने की एवज में एक बिलियन डालर की मांग की है।    

chat bot
आपका साथी