भूपेंद्र सिंह हुड्डा को माननी पड़ी कुमारी सैलजा की बात, हरियाणा में सिंबल पर निकाय चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर ही लड़ेगी। इस संबंध में पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने स्पष्ट घोषणा कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी इसके लिए सहमत हो गए हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 03 Dec 2020 07:25 PM (IST) Updated:Thu, 03 Dec 2020 07:25 PM (IST)
भूपेंद्र सिंह हुड्डा को माननी पड़ी कुमारी सैलजा की बात, हरियाणा में सिंबल पर निकाय चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
हरियाणा में कांग्रेस चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। ठीक दो साल पहले पांच नगर निगमों के चुनाव में अघोषित रूप से उम्मीदवार उतारने वाली कांग्रेस इस बार खुलकर चुनावी रण में उतरेगी। हरियाणा कांग्रेस की प्रधान कुमारी सैलजा ने वीरवार को घोषणा की कि पार्टी नगर निगम के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गहन मंथन के बाद यह निर्णय लिया गया है।

पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा नहीं चाहते थे कि कांग्रेस सिंबल पर शहरी निकाय चुनाव लड़े। इस मुद्दे पर उनका तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर से टकराव हो चुका है। सैलजा ने जब निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लडऩे का संकेत दिया था, तब भी हुड्डा नहीं चाहते थे कि ऐसा किया जाए, लेकिन कुछ अपनी मनवाने और कुछ दूसरों की मानने की रणनीति अपनाते हुए हुड्डा निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लडऩे को राजी हो गए हैैं।

प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में नगर निगम चुनाव को लेकर उन्होंने हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक रूप से विचार विमर्श किया है। इसके बाद निर्णय लिया गया कि पार्टी अपने चुनाव चिन्ह पर उम्मीदवार मैदान में उतारे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिसंबर 2018 में हुए पानीपत, करनाल, हिसार, रोहतक और यमुनानगर नगर निगम के चुनाव में भी पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की सिफारिश की थी, लेकिन तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने इसमें अड़ंगा लगा दिया। इसके चलते तब हुड्डा ने अघोषित रूप से अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे थे। हालांकि तब सत्तारूढ़ भाजपा पांचों नगर निगमों में कमल खिलाने में सफल रही थी।

भाजपा ने प्रभारियों के साथ लगाए सहप्रभारी

निकाय चुनावों के लिए भाजपा ने मजबूत किलेबंदी शुरू कर दी है। वीरवार को पार्टी ने अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम के लिए भी सह प्रभारी नियुक्त कर दिए। तीनों निगमों के लिए प्रभारी पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं जो लगातार बैठकें कर रहे हैं। अंबाला नगर निगम के लिए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को प्रभारी लगाया गया था जिनके सहयोग के लिए करनाल की मेयर रेनु बाला गुप्ता को सह प्रभारी लगाया गया है।

इसी प्रकार सोनीपत के चुनाव प्रभारी शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर के सहयोग के लिए रोहतक के मेयर मनमोहन गोयल को सह प्रभारी लगाया गया है। पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु को पंचकूला की जिम्मेदारी सौंपी गई थी जिनकी मदद के लिए यमुनानगर के मेयर मदन चौहान को लगाया गया है। रेवाड़ी नगर परिषद के लिए पार्टी ने पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा को प्रभारी बनाया था जिनके साथ अब हिसार के मेयर गौतम सरदाना को सहयोगी लगाया गया है।

chat bot
आपका साथी