हुड्डा बोले- सरकार किसान हितैषी तो MSP की गारंटी देने में डर कैसा, एक और कानून का दिया सुझाव

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसान मंडी से बाहर कहीं फसल बेचेगा तो उसकी फसल MSP से कम रेट पर नहीं बिकेगी। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए। हुड्डा ने एक और कानून लाने का भी सुझाव दिया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 12:32 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 01:06 PM (IST)
हुड्डा बोले- सरकार किसान हितैषी तो MSP की गारंटी देने में डर कैसा, एक और कानून का दिया सुझाव
वरिष्ठ कांग्रेस नेता व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा। (फाइल फोटो)

जेेेेएनएन, नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं दो बार मुख्यमंत्री रह चुके भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार पर मंडी व्यवस्था खत्म करने तथा मंडी से बाहर किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिलने की आशंका जाहिर की है। हुड्डा ने कहा कि सरकार बार-बार किसानों को मंडियों में MSP देने का भरोसा तो दिला रही है, लेकिन इस बात को कानून के जरिये क्यों सुनिश्चित नहीं करती कि यदि किसान मंडी से बाहर कहीं फसल बेचेगा तो उसकी फसल MSP से कम रेट पर नहीं बिकेगी।

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने लगे हाथ दुष्यंत चौटाला पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला को किसान नहीं बल्कि अपनी कुर्सी प्यारी है, क्योंकि न जाने कितने जतन कर उन्होंने कुर्सी हासिल की है, जबकि असलियत यह है कि उनकी पार्टी के विधायक भरे पड़े हैं। वह मौका मिलते ही दुष्यंत को अचानक कुर्सी से अलग कर सकते हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही खरीदने संबंधी चौथा कानून बनाना चाहिए। सरकार ने जो तीन कृषि विधेयक संसद में पारित कराए हैं, इनमें किसान के हित सुरक्षित नहीं हैं। किसान की फसल मंडी में बिके या मंडी के बाहर, MSP से नीचे नहीं खरीदी जानी चाहिए। यदि सरकार वास्तव में किसानों की हितैषी है तो उसे ऐसा कानून बनाने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए। यह किसान के हित की बात है और सरकार किसान हितैषी होने का दावा करते भी नहीं थकती है।

हुड्डा ने कहा कि अनुबंध (कांट्रैक्ट फार्मिंग) के आधार पर पैदा की गई फसल का भी किसान को MSP अवश्य मिले। इसके लिए सरकार एक नया कानून लेकर आए। कांग्रेस भी सरकार का समर्थन करेगी। किसान को MSP की लिखित गारंटी मिलनी ही चाहिए। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि उन्हेंं कुर्सी का मोह छोड़कर किसानों के हक में आवाज उठानी चाहिए। फिलहाल हरियाणा में गठबंधन दलों के अलावा सभी पार्टी किसानों के साथ खड़ी हैं।

विवेक बंसल, हुड्डा, रणदीप और सैलजा आज चंडीगढ़ में

हरियाणा के कई कांग्रेस नेता शनिवार को चंडीगढ़ में एक मंच पर दिखाई देंगे। हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी विवेक बंसल दूसरी बार शनिवार को चंडीगढ़ आ रहे हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस महासचिव एवं कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कु. सैलजा के साथ मीडिया कर्मियों से बातचीत करेंगे। इस प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस महासचिव एवं बिहार के प्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौर को भी आना था, लेकिन वहां विधानसभा चुनाव की घोषणा होने की वजह से राठौर ने चंडीगढ़ आने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। 

chat bot
आपका साथी