ऐ चांद..अब फिजाओं का दौर नहीं

पंचकूला से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रमोहन पर भाजपा के हमले तेज हो गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Oct 2019 10:43 PM (IST) Updated:Wed, 16 Oct 2019 06:19 AM (IST)
ऐ चांद..अब फिजाओं का दौर नहीं
ऐ चांद..अब फिजाओं का दौर नहीं

जागरण संवाददाता, पंचकूला : पंचकूला से कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रमोहन पर भाजपा के हमले तेज हो गए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया ने पंचकूला में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के सम्मान में आयोजित एक प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन में चंद्रमोहन पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐ चांद..अब फिजाओं का दौर नहीं। इसलिए इस बार भाजपा के पक्ष में लोग मतदान करेंगे। पंचकूला एवं कालका दोनों ही सीटों पर भाजपा भारी मतों से जीत दर्ज करेगी। पंचकूला से भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता ने नड्डा के समक्ष चंद्रमोहन को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जब लोगों से वोट मांगने आएं तो वे उनसे यह सवाल जरूर पूछें कि पिछले 10-15 साल से उन्हें विकास और पंचकूला की जनता की याद क्यों नहीं आई। पिछले 15 साल से वह किन फिजाओं में गुम थे। कांग्रेस प्रत्याशी क्षेत्र से चार बार विधायक रहे, यहां तक कि हरियाणा सरकार में उप मुख्यमंत्री के पद पर भी आसीन रहे। तब उन्होंने पंचकूला को पेरिस क्यों नहीं बनाया। उन्होंने पंचकूला की जनता की कोई सुध नहीं ली और विकास के नाम पर एक ईट तक नहीं लगाई। गुप्ता ने कहा कि जनता अब उनके फरेब व ढोंग में आने वाली नहीं है। विजन डॉक्यूमेंट पर भी उठाए सवाल

ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा पंचकूला के बारे में जारी विजन डॉक्यूमेंट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह जुमलेबाजी से भरा हुए एक मांग पत्र है। जिसमें जनता को फिर से बहकाने की कोशिश की गई है। कांग्रेस प्रत्याशी ने इस मांग पत्र में कोई भी विकास कार्य करवाने का न संकल्प व्यक्त किया है और न ही जनता को कोई आश्वासन दिया है। सेक्टर-4 में गुप्ता के समक्ष समाजसेवी कुसुम गुप्ता द्वारा एक बैठक का आयोजन भी किया गया। जिसमें शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने सेक्टर-4, 8, 7, 2, 15, 12ए, 20 की विभिन्न सोसायटियों, अभयपुर गांव, गांव सकेतड़ी, बरवाला आदि कई जगह नुक्कड़ सभाओं और बैठकों में अपना चुनाव प्रचार किया।

chat bot
आपका साथी